बरेली : यूपी के बरेली जिले के भोजीपुरा थाना क्षेत्र में पुलिस टीम गश्त पर थी। इसी दौरान सूचना मिली कि पहले हुई चोरी के मामले में शामिल आरोपी फिर से वारदात करने और चोरी का सामान ठिकाने लगाने की तैयारी में हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए दलपतपुर जाने वाले रास्ते पर चेकिंग शुरू कर दी।
रोकने पर बदमाशों ने की फायरिंग, पुलिसकर्मी बाल-बाल बचा

रात करीब 2:45 बजे दो संदिग्ध व्यक्ति कंधे पर बोरी लेकर आते दिखे। पुलिस ने उन्हें रोकने की कोशिश की, लेकिन दोनों खेतों की तरफ भागने लगे और पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। इस दौरान एक गोली आरक्षी दीपक के बाजू को छूते हुए निकल गई, जिससे वह बाल-बाल बच गए।
जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी घायल, दोनों गिरफ्तार
पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें अफसर अली नाम के आरोपी के पैर में गोली लग गई। वहीं दूसरा आरोपी हसनैन उर्फ साहिल खेतों में छिपा मिला, जिसे पुलिस ने मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया।
तमंचा, कारतूस और चोरी का सामान बरामद
गिरफ्तार आरोपियों के पास से एक अवैध 315 बोर तमंचा, दो जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस बरामद हुआ। इसके अलावा एक गैस सिलेंडर, गैस चूल्हा, 10 स्टील की थालियां और 2200 रुपये नकद भी बरामद किए गए हैं।
दोनों आरोपी पहले से हैं हिस्ट्रीशीटर
पुलिस के मुताबिक, घायल आरोपी अफसर अली पर पहले से करीब 17 मामले दर्ज हैं, जबकि हसनैन उर्फ साहिल पर 14 मुकदमे दर्ज हैं। दोनों पहले हुई चोरी की घटना में भी शामिल थे। फिलहाल, दोनों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
