बरेली : यूपी के बरेली जिले में लगातार बढ़ रही कड़ाके की ठंड और शीतलहर को देखते हुए जिलाधिकारी (डीएम) के निर्देश पर बेसिक शिक्षा विभाग ने बड़ा फैसला लिया है। छोटे बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए कक्षा आठ तक के सभी परिषदीय, सहायता प्राप्त और निजी स्कूलों को 17 जनवरी तक बंद रखने के आदेश जारी कर दिए गए हैं। 18 जनवरी को सन्डे है। जिसके चलते अब स्कूल 19 जनवरी को खुलेंगे।
सिर्फ विद्यार्थियों के लिए रहेगा अवकाश

जारी निर्देशों के मुताबिक यह अवकाश केवल विद्यार्थियों के लिए मान्य होगा। सभी शिक्षक और शिक्षणेत्तर कर्मचारी पूर्व की तरह स्कूलों में उपस्थित रहेंगे और नियमित कार्य करेंगे। अवकाश के दौरान विद्यालयों में शैक्षणिक और प्रशासनिक गतिविधियां जारी रहेंगी।
स्कूलों में होंगे विभागीय और तैयारी से जुड़े कार्य
अवकाश की अवधि में शिक्षक विद्यालय में रहकर पंजिकाओं का अद्यतन, अभिलेखों का संधारण और आगामी परीक्षाओं की तैयारियों से जुड़े कार्य करेंगे। इसके साथ ही अन्य विभागीय दायित्वों का भी निष्पादन किया जाएगा।
बीएसए ने बताया यह कारण
बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. विनीता ने मीडिया को बताया कि डीएम के निर्देश पर जिले में लगातार बढ़ रही ठंड, शीतलहर और मौसम की गंभीर स्थिति को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है। बच्चों के स्वास्थ्य और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए 17 जनवरी तक स्कूल बंद रखने के निर्देश दिए गए हैं।
मौसम विभाग की चेतावनी के बाद फैसला
मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में ठंड का असर बना रह सकता है। सुबह और रात के समय गलन और घने कोहरे के कारण बच्चों को स्कूल आने-जाने में दिक्कत हो सकती है। इसी को देखते हुए एहतियातन स्कूलों में अवकाश बढ़ाने का निर्णय लिया गया है।
