जिलाधिकारी की दो टूक – निर्दोष पर नहीं होगी कार्रवाई, उपद्रवियों को मिलेगी कड़ी सजा
बरेली : यूपी के बरेली जिले में हाल ही में हुए घटनाक्रम के बाद जिला प्रशासन ने सख्ती के साथ-साथ जनता से शांति बनाए रखने की अपील की है। जिलाधिकारी (डीएम) अविनाश सिंह ने साफ कहा है कि निर्दोषों पर कोई कार्रवाई नहीं होगी, लेकिन उपद्रव फैलाने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। डीएम ने कहा निर्दोष सुरक्षित, अपराधी पर कड़ी सजा होगी। अफवाह फैलाने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई होना तय है। गंगा-जमुनी तहजीब पर कोई आंच नहीं आने दी जाएगी। नाबालिगों को बरगलाने वालों की होगी पहचान और गिरफ्तार किया जाएगा।
डीएम का संदेश
डीएम अविनाश सिंह ने जनता से अपील करते हुए कहा “बरेली की फिजा को किसी भी हाल में खराब नहीं होने दिया जाएगा। नागरिक संयम रखें, कानून का पालन करें और किसी अफवाह या भ्रामक जानकारी पर ध्यान न दें।”उन्होंने कहा कि प्रशासन पारदर्शी तरीके से काम कर रहा है। गिरफ्तारियां और अवैध निर्माणों पर कार्रवाई वीडियो फुटेज, डिजिटल सबूत और पुख्ता जांच के आधार पर की जा रही है।
बच्चों को बरगलाने वालों पर नजर
डीएम ने यह भी खुलासा किया कि कुछ असामाजिक तत्व नाबालिग बच्चों को पत्थर और हथियार थमाकर उन्हें भड़काने की कोशिश कर रहे थे। ऐसे लोगों की पहचान की जा रही है और किसी को भी छोड़ा नहीं जाएगा।
अफवाहों से बचें
डीएम ने जनता को सख्त चेतावनी दी कि किसी भी गलत सूचना या संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस और प्रशासन को दें, सोशल मीडिया पर अफवाह न फैलाएं।
