बरेली : दरगाह आला हजरत से इस वक्त एक अहम खबर सामने आई है। सोशल मीडिया पर यह अफवाह तेज़ी से वायरल की जा रही थी कि अमेरिका और इजराइल के ईरान पर हमले के बाद सऊदी अरब के एयरपोर्ट बंद कर दिए गए हैं और बरेली के शहर काज़ी फंसे हुए हैं, लेकिन हक़ीक़त इससे बिल्कुल अलग है। शहर काज़ी एवं जमात रज़ा-ए-मुस्तफा के राष्ट्रीय अध्यक्ष मुफ्ती असजद रजा खां पूरी तरह महफ़ूज़ हैं, और उनकी यात्रा पहले से निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार जारी है। यह खबर कि वे सऊदी अरब में फंसे हैं, सरासर बेबुनियाद और भ्रामक है।
उमरा को गए हैं सऊदी अरब
शहर काज़ी असजद रज़ा ख़ां 23 फरवरी को नई दिल्ली से सऊदी अरब उमरा की अदायगी के लिए रवाना हुए थे। उनके साथ उनकी अहलिया (पत्नी), दो बेटे और एक छोटी बेटी मौजूद हैं। इसके अलावा बड़ी संख्या में उनके अकीदतमंद भी इस सफर में शामिल हैं। उनकी वापसी 15 मार्च को मदीना शरीफ से नई दिल्ली के लिए मुक़र्रर है। अब तक फ्लाइट शेड्यूल में किसी भी प्रकार की तब्दीली या रद्द होने की कोई आधिकारिक सूचना सामने नहीं आई है।
अफवाह से फैली बेचैनी, दरगाह पर लगातार संपर्क
अफवाह फैलने के बाद उनके लाखों अकीदतमंद फिक्रमंद हो गए। लोग लगातार दरगाह और उनके करीबी लोगों से संपर्क कर सही जानकारी हासिल कर रहे हैं। जमात रज़ा-ए-मुस्तफा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ. मेंहदी हसन ने स्पष्ट बयान जारी कर कहा है कि शहर काज़ी पूरी तरह सुरक्षित हैं और उनकी वापसी तय कार्यक्रम के मुताबिक ही होगी।उन्होंने अवाम से अपील की है कि गैर-मुसद्दिक़ा खबरों पर एतबार न करें।
सलमान मियां की वापसी 4 मार्च को
वहीं जमात रज़ा-ए-मुस्तफा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और शहर काज़ी के दामाद सलमान मियां की वापसी 4 मार्च को निर्धारित है। उनकी फ्लाइट के समय में भी अब तक कोई बदलाव नहीं हुआ है।
सोशल मीडिया पर भ्रामक खबरों से सावधान
स्पष्ट है कि मौजूदा अंतरराष्ट्रीय हालात को लेकर फैलाई जा रही खबरों का शहर काज़ी की यात्रा से कोई संबंध नहीं है। तमाम उड़ानें अपने तय समय के अनुसार संचालित हो रही हैं। THE JUSTICE HINDI की अपील है कि सोशल मीडिया पर वायरल किसी भी खबर को बिना पुष्टि के साझा न करें। फिलहाल शहर काज़ी मुफ्ती असजद रज़ा ख़ां पूरी तरह ख़ैरियत से हैं और 15 मार्च को वतन वापसी करेंगे।
