बरेली : बदलती वैश्विक परिस्थितियों और देश की आर्थिक स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन की ओर से एक अहम अपील की गई है। इस मामले को लेकर डीएम अविनाश सिंह ने लोगों से देशहित में सहयोग करने की बात कही है। उन्होंने कहा कि फिलहाल लोगों को नई सोने की खरीदारी कम करने पर विचार करना चाहिए।
सर्राफा व्यापारियों और अधिकारियों के साथ हुई बैठक
इस विषय को लेकर बरेली में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें सर्राफा बाजार से जुड़े व्यापारी, सर्राफा कमेटी के सदस्य, जीएसटी विभाग के अधिकारी और अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे। बैठक के दौरान वर्तमान परिस्थितियों और बाजार पर उसके असर को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
नई खरीदारी की जगह पुरानी ज्वेलरी के इस्तेमाल पर जोर
डीएम अविनाश सिंह ने बताया कि बैठक में मौजूद व्यापारी भी इस बात पर सहमत नजर आए कि जहां तक संभव हो नई सोने की खरीदारी से बचा जाए। उन्होंने कहा कि शादी या अन्य पारिवारिक कार्यक्रमों के लिए लोग अपनी पुरानी ज्वेलरी को रीसायकल कराकर नए डिजाइन में तैयार करवा सकते हैं। इससे नई खरीदारी की जरूरत कम हो सकती है।
देशहित में की गई अपील, लोगों से सहयोग की उम्मीद
डीएम ने कहा कि यह अपील किसी एक वर्ग या व्यक्ति के लिए नहीं है, बल्कि देशहित को ध्यान में रखते हुए की गई है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री की ओर से की गई अपील का पालन करना चाहिए। अब देखने वाली बात होगी कि इस अपील का बाजार और आम लोगों पर कितना असर दिखाई देता है।