15 मई से डाउनलोड हो रहे प्रवेश पत्र, देशभर के 403 केंद्रों पर होगी परीक्षा
बरेली : भारतीय सेना में अग्निवीर भर्ती की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खबर सामने आई है।भारतीय सेना की ओर से अग्निवीर भर्ती परीक्षा 2026 के लिए एडमिट कार्ड जारी कर दिए गए हैं। अभ्यर्थी 15 मई 2026 से joinindianarmy.nic.in� पर जाकर अपना प्रवेश पत्र डाउनलोड कर सकते हैं। जानकारी के अनुसार ऑनलाइन कॉमन एंट्रेंस एग्जाम यानी CEE परीक्षा का आयोजन 1 जून 2026 से 12 जून 2026 तक किया जाएगा। यह परीक्षा देशभर के 206 शहरों में बनाए गए 403 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित होगी।

22 विभिन्न श्रेणियों में होगी भर्ती परीक्षा
भर्ती बोर्ड के अनुसार इस बार ऑनलाइन सीईई परीक्षा 22 अलग-अलग श्रेणियों में आयोजित की जाएगी। परीक्षा को लेकर सभी जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं ताकि अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। अधिकारियों ने सभी अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे समय रहते अपना एडमिट कार्ड डाउनलोड कर लें और परीक्षा से संबंधित दिशा-निर्देशों को ध्यानपूर्वक पढ़ें।
भ्रामक सूचनाओं से बचने की अपील
प्रशासन की ओर से यह भी कहा गया है कि भर्ती प्रक्रिया से जुड़ी सभी आधिकारिक जानकारी केवल joinindianarmy.nic.in पर उपलब्ध है। अभ्यर्थियों को किसी भी प्रकार की अफवाह या भ्रामक जानकारी से बचने की सलाह दी गई है। इसके साथ ही युवाओं तक सही जानकारी पहुंचाने के लिए व्यापक जागरूकता अभियान भी चलाया जाएगा। इसमें विभिन्न भर्ती कार्यालयों, मीडिया प्रचार विभाग, डिजिटल मीडिया, स्थानीय समाचार पत्रों और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म की मदद ली जाएगी।
परीक्षा को लेकर तैयारियां तेज
भर्ती परीक्षा के सफल आयोजन के लिए संबंधित विभागों को दिशा -निर्देश जारी कर दिए गए हैं।प्रशासन का कहना है कि परीक्षा प्रक्रिया को पारदर्शी और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराया जाएगा।
