बरेली : शहर की नामी चाय ब्रांड दीपक गोल्ड टी के नाम पर नकली और घटिया चाय बेचे जाने का गंभीर मामला सामने आया है। फर्म के साझीदार दीपक लखोटिया ने इस धोखाधड़ी का खुलासा करते हुए एसएसपी अनुराग आर्य से इसकी शिकायत की। शिकायत के बाद बारादरी थाना पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। नेहरू पार्क कॉलोनी निवासी दीपक लखोटिया ने बताया कि वे कंपनी के अधिकृत ट्रेडमार्क पार्टनर हैं, और हाजीपुर स्थित यूनिट में उच्च गुणवत्ता वाली चाय की सीमित और नियंत्रित पैकिंग की जाती है। यह चाय लगभग 480 रुपये प्रति किलो के भाव से बिक्री के लिए बाजार में उपलब्ध है, जिसकी सप्लाई रामपुर और बिलासपुर तक जाती है।
कैसे चलता था फर्जीवाड़ा?
शिकायत में आरोप है कि सलमान खान, निवासी ग्राम बमनिया, कैमरी (जिला रामपुर),अपने साथियों और एजेंटों के साथ मिलकर कंपनी के असली पैकेटों को खरीदता या प्राप्त करता था। इन असली पैकिटों को काटकर असली चाय निकाल ली जाती। फिर पैकेट में घटिया गुणवत्ता या सड़ी हुई चाय भरकर उसी ब्रांड के नाम से बाजार में बेचा जाता था। इससे उपभोक्ताओं को धोखा मिलता रहा, कंपनी की प्रतिष्ठा को सीधा नुकसान हुआ, और मार्केट में ब्रांड की विश्वसनीयता पर सवाल उठने लगे।
फर्जी कमाई थी मकसद
दीपक लखोटिया ने आरोप लगाया कि “नाजायज मुनाफे के लोभ में हमारे ब्रांड की छवि खराब की जा रही थी। यह उपभोक्ता और कंपनी दोनों के साथ धोखा है।”एसएसपी अनुराग आर्य ने मामले को गंभीर माना और तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए। बारादरी पुलिस ने सलमान खान और उसके साथियों पर FIR दर्ज कर दी है। सूत्रों के अनुसार नकली पैकिंग में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है। सप्लाई नेटवर्क व मशीनरी की जानकारी भी जुटाई जा रही है। जल्द ही छापे और गिरफ्तारी हो सकती है। पुलिस का कहना है कि यह ब्रांड छेड़छाड़ का मामला गंभीर आर्थिक अपराध की श्रेणी में आता है और इसमें कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
