बरेली : यूपी के बरेली के सिरौली कस्बे में सोमवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक नाले में नवजात शिशु का शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। यह घटना एक निजी नर्सिंग होम के पास की है। निजी अस्पताल से महज 50 से 100 मीटर की दूरी पर सामने नवजात का शव पड़ा था। जिसने पूरे मामले को और भी संदिग्ध बना दिया है।
सुबह टहलने निकले लोगों ने देखा शव
स्थानीय लोग जब सुबह टहलने निकले, तो उनकी नजर नाले में पड़े नवजात के शव पर पड़ी। देखते ही देखते मौके पर भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। पुलिस की शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि किसी मां ने मजबूरी या सामाजिक दबाव में
रात के अंधेरे में नवजात को नाले में फेंक दिया। हालांकि, अभी तक इस बात की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
निजी नर्सिंग होम पर उठे गंभीर सवाल
घटना स्थल के पास स्थित निजी नर्सिंग होम को लेकर स्थानीय लोगों में कई तरह की आशंकाएं सामने आ रही हैं। इलाके में कई निजी नर्सिंग होम संचालित हो रहे हैं। यहां नियमों की अनदेखी और संदिग्ध गतिविधियों की शिकायतें पहले भी आती रही हैं। ऐसे में इस घटना का संबंध किसी अवैध गतिविधि या लापरवाही से भी हो सकता है
लोगों में आक्रोश, कार्रवाई की मांग
इस हृदयविदारक घटना के बाद क्षेत्र में भारी आक्रोश है। लोगों ने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन की भूमिका पर भी सवाल उठाए जा रहे हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। नर्सिंग होम और अन्य एंगल से भी जांच की जा रही है।
