सीबीगंज के परसाखेड़ा रोड पर हादसा, जिला अस्पताल में युवक ने तोड़ा दम
बरेली : यूपी के बरेली शहर के सीबीगंज थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने मानवता को झकझोर कर रख दिया। तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने एक बाइक सवार युवक को टक्कर मार दी। इसके बाद वह करीब 30 मिनट तक हाईवे पर ही घायल अवस्था में तड़पता रहा।इसके बाद में पुलिस ने उसे अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
ऐसे हुआ हादसा ?
यह घटना सोमवार दोपहर करीब 1 बजे की है, जब परसाखेड़ा औद्योगिक क्षेत्र के रोड नंबर-3 के पास बरेली-दिल्ली हाईवे पर यह हादसा हुआ। मृतक की पहचान सनी कश्यप (25 वर्ष) के रूप में हुई है, जो सीबीगंज के बंडिया गांव का रहने वाला था। सनी एक प्लाईवुड फैक्ट्री में मजदूरी करता था और लंच टाइम में खाना खाने जा रहा था।तभी किसी तेज रफ्तार वाहन ने उसकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी और मौके से फरार हो गया।
30 मिनट तक तड़पता रहा युवक
हादसे के बाद सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि घटना स्थल परसाखेड़ा पुलिस चौकी से मात्र 25 कदम दूरी पर था।।इसके बावजूद पुलिस को मौके पर पहुंचने में करीब 30 मिनट लग गए। इस दौरान घायल सनी सड़क पर ही तड़पता रहा। मगर, यह देरी अब सवालों के घेरे में है।
जिला अस्पताल में तोड़ा दम
आखिरकार पुलिस मौके पर पहुंची और सनी को जिला अस्पताल भिजवाया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंचे और शव देखते ही कोहराम मच गया। सनी की शादी 2 साल पहले हुई थी। उसकी पत्नी पिंकी और डेढ़ साल का बेटा कृष्णा है। वह तीन बहनों का इकलौता भाई था।।उसकी मौत से पूरे परिवार में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
