पीलीभीत बाइपास से कार सवार दबंग उठा ले गए युवक, एक लाख की फिरौती मांगने का आरोप
बरेली : यूपी के बरेली में शनिवार रात उस वक्त सनसनी फैल गई, जब कार सवार दबंगों ने शराब दुकान के एक सेल्समैन का कथित तौर पर अपहरण कर लिया। आरोप है कि बदमाश युवक को कार में डालकर रातभर घुमाते रहे, मारपीट की और फिर उसके परिचितों से एक लाख रुपये की फिरौती मांगने लगे। इस मामले की जानकारी मिलते ही इज्जतनगर थाना पुलिस सक्रिय हुई और करीब 18 घंटे बाद युवक को सकुशल मुक्त करा लिया। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर कार भी बरामद कर ली है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। इंस्पेक्टर इज्जतनगर ने “The justice Hindi” को बताया कि युवक के अपहरण की शिकायत मिली थी। उसको मुक्त कराया गया। इसके बाद पीड़ित की तहरीर पर चार आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
बाइक में हल्की टक्कर के बाद विवाद शुरू
जानकारी के मुताबिक, भुता थाना क्षेत्र के सिसैया गांव निवासी 25 वर्षीय अभिषेक गंगवार केसरपुर स्थित शराब की दुकान पर सेल्समैन हैं। अभिषेक ने पुलिस को बताया कि वह शनिवार रात अपने परिचित ललित पटेल समेत कुछ लोगों के साथ प्लॉट देखकर लौट रहे थे। सभी लोग दो बाइक पर सवार थे। रात करीब साढ़े नौ बजे पीलीभीत बाइपास स्थित महानगर कॉलोनी के पास पीछे से तेज रफ्तार कार निकली, जिससे उनकी बाइक को हल्की साइड लग गई। आरोप है कि विरोध जताने पर कार सवार चार युवक भड़क गए और अभिषेक को जबरन कार में डालकर मौके से फरार हो गए।
रातभर कार में घुमाया, की मारपीट
पीड़ित अभिषेक के मुताबिक, आरोपी उसे रातभर कार में घुमाते रहे, और लगातार मारपीट करते रहे। इतना ही नहीं, आरोपियों ने उसके मोबाइल फोन से परिचितों को कॉल कराकर एक लाख रुपये की फिरौती मांगी। अभिषेक ने बताया कि जब उसने आरोपियों से कहा कि उसके ऊपर परिवार और दो बहनों की शादी की जिम्मेदारी है, तो आरोपियों ने अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया और धमकियां दीं।
सर्विलांस की मदद से पुलिस ने बचाई जान
इज्जतनगर थाना प्रभारी सुरेश चंद्र गौतम ने मीडिया को बताया कि अभिषेक के साथी ललित पटेल ने घटना की जानकारी तुरंत पुलिस को दी थी। इसके बाद पुलिस ने सर्विलांस टीम की मदद से कई टीमें गठित कर तलाश शुरू की। पुलिस के अनुसार आरोपी बार-बार अभिषेक के मोबाइल को फ्लाइट मोड पर कर देते थे, जिससे लोकेशन ट्रेस करने में दिक्कत आ रही थी। लगातार प्रयास के बाद रविवार दोपहर करीब दो बजे पुलिस ने हवाई अड्डे के पास से अभिषेक को सकुशल मुक्त करा लिया।
एक आरोपी गिरफ्तार, गिरोह से जुड़े होने की आशंका
पुलिस ने मामले में क्योलड़िया थाना क्षेत्र के चंद्रपुर ख्यालीराम गांव निवासी उमाशंकर को गिरफ्तार कर लिया है। इसके साथ ही घटना में इस्तेमाल कार भी बरामद कर ली गई है। पुलिस के मुताबिक, नवाबगंज के रिछौला निवासी विमल, क्योलड़िया के गुलड़िया लेखराज निवासी आकाश और हरनेश की तलाश की जा रही है। जांच में सामने आया है कि बरामद कार गाजियाबाद की एक कंपनी के नाम पर पंजीकृत है पुलिस को आशंका है कि आरोपी किसी संगठित गिरोह से जुड़े हो सकते हैं। फिलहाल पुलिस सभी आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है और मामले की जांच जारी है।
