पीडीए, भ्रष्टाचार, स्मार्ट मीटर और मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर सपा प्रमुख ने साधा निशाना, वृक्षारोपण नहीं, भ्रष्टारोपण कर रही भाजपा’
लखनऊ : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखलेश यादव ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि जब 9 वर्षों में सरकार जनता के लिए कुछ नहीं कर सकी, तो आखिरी के 9 महीनों में मंत्री क्या कर लेंगे। समाजवादी पार्टी मुख्यालय से जारी बयान में सपा प्रमुख ने कहा कि भाजपा सरकार ने भ्रष्टाचार, महंगाई और बेरोजगारी के सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं और प्रदेश में विकास कार्य पूरी तरह ठप पड़े हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार एक तरफ सरकारी बजट की लूट कर रही है, तो दूसरी तरफ जनता की जेब काट रही है।
टंकियां भाजपा के भ्रष्टाचार को सहन नहीं कर पा रही…
जल जीवन मिशन का जिक्र करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि पानी की टंकियां भाजपा के भ्रष्टाचार को सहन नहीं कर पा रही हैं और लगातार गिर रही हैं। उन्होंने स्वास्थ्य और शिक्षा विभाग की स्थिति को भी बदहाल बताया। सपा अध्यक्ष ने स्मार्ट मीटर योजना पर सवाल उठाते हुए कहा कि इसके जरिए बिजली उपभोक्ताओं की जेब से पैसा निकालकर उद्योगपतियों को फायदा पहुंचाया जा रहा है।।इसके साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि नौकरियों में आरक्षण घोटाला किया जा रहा है और पीडीए समाज के हक-अधिकार छीने जा रहे हैं।
पीडीए समाज के सामने भाजपा की साजिश बेनकाब
सपा प्रमुख ने कहा कि भाजपा पीडीए की एकजुटता से घबराई हुई है, लेकिन पीडीए समाज भाजपा की “साजिश और षड्यंत्र” को समझ चुका है। उन्होंने दावा किया कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर पीडीए को हक, सम्मान और न्याय मिलेगा, गरीबों का मुफ्त इलाज होगा और केजी से पीजी तक बेटियों की शिक्षा मुफ्त की जाएगी।
भाजपा शासन में CM का मतलब “Courier & Messenger
मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर भी अखिलेश यादव ने तंज कसते हुए कहा कि “उधर से पर्ची आएगी, यहां सिर्फ पढ़ी जाएगी।” उन्होंने भाजपा शासन में “CM” का मतलब “Courier & Messenger” बताते हुए कटाक्ष किया। इसके साथ ही उन्होंने सोशल मीडिया और राजनीतिक गलियारों में चर्चित फिल्मी टिप्पणी करते हुए कहा कि जनता पूछ रही है कि “फिल्म सबसे आगे बैठकर देखेंगे या पीछे बैठकर?”अपने बयान के अंत में अखिलेश यादव ने कहा कि व्यक्ति नहीं बल्कि उसका लालच और लोभ बुरा होता है, जो धीरे-धीरे दुराचार में बदल जाता है। उन्होंने “तमसो मा ज्योतिर्गमय” का उल्लेख करते हुए आत्मचिंतन और सकारात्मक बदलाव का संदेश भी दिया।
पंथ-निरपेक्ष सरकारें ही लोकतंत्र की असली ताकत : अखिलेश यादव
एसपी चीफ अखिलेश यादव ने कहा है कि केवल पंथ-निरपेक्ष सरकारें ही सच्चे लोकतंत्र का प्रतिनिधित्व करती हैं, जो स्वतंत्रता, समता, बंधुत्व और संवैधानिक मूल्यों की रक्षा के संकल्प पर आधारित होती हैं। समाजवादी पार्टी की ओर से जारी बयान में सपा प्रमुख ने तमिलनाडु के नवनिर्वाचित मुख्यमंत्री जोसेफ विजय चंद्रशेखर को हार्दिक बधाई दी और उनके सफल एवं जनसमर्पित नेतृत्व की कामना की। अखिलेश यादव ने उम्मीद जताई कि तमिलनाडु की नई सरकार पूर्ववर्ती सरकारों की जनकल्याणकारी योजनाओं की परंपरा को आगे बढ़ाएगी।
वृक्षारोपण नहीं, भ्रष्टारोपण कर रही भाजपा’
पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने भाजपा के वृक्षारोपण अभियान पर तीखा तंज कसते हुए बड़ा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि “भाजपा का वृक्षारोपण भी ‘भ्रष्टारोपण’ साबित हुआ है।”अखिलेश यादव ने भाजपा नेताओं पर निशाना साधते हुए कहा कि “जिन भाजपाइयों की प्रकृति ही झूठ बोलना है, वो प्रकृति से भी झूठ बोलते हैं।” उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार के कई अभियान सिर्फ प्रचार तक सीमित हैं, जबकि जमीनी स्तर पर सच्चाई कुछ और है। सपा प्रमुख ने यह भी कहा कि भाजपा की कथित “काली करतूतों” और अनियमितताओं से जुड़ी जो भी “भंडाफोड़ रिपोर्ट” सामने आएंगी, उन्हें जनहित में जनता तक पहुंचाया जाएगा। साथ ही उन्होंने दावा किया कि इससे “सच्ची पत्रकारिता” को और मजबूती मिलेगी।
जो पीड़ित, वही पीडीए..
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने एक बार फिर अपने पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) अभियान को लेकर भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है। सोशल मीडिया पर किए गए अपने ताजा पोस्ट में अखिलेश यादव ने संघर्ष कर रहे लोगों को “नई आज़ादी के स्वतंत्रता सेनानी” बताया और कहा कि यही लोग भविष्य की राजनीति की नई ताकत बन रहे हैं। अखिलेश यादव ने अपने ट्वीट में लिखा कि “ये उन लाखों-करोड़ों उम्मीद की किरणों में से एक हैं, जो 5 प्रतिशत सत्ताधारियों के भ्रष्टाचार, अत्याचार और उत्पीड़न के खिलाफ 95 प्रतिशत आबादी वाले पीडीए के संघर्ष की नई ऊर्जा हैं।”सपा प्रमुख ने दावा किया कि समाज के पीड़ित, शोषित और अपमानित वर्ग लगातार पीडीए से जुड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि “पीड़ा बढ़ रही है, इसीलिए पीडीए बढ़ रहा है। हर पीड़ित, दुखी और अपमानित व्यक्ति पीडीए है।”
