बरेली : यूपी के बरेली देहात के नवाबगंज थाना क्षेत्र में मकान के बंटवारे को लेकर चल रहा पारिवारिक विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। सिजौलिया गांव में झगड़े के दौरान 35 वर्षीय इरफान की कथित तौर पर ईंट मारकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस ने मामले में दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
दीवार गिराने को लेकर बढ़ा विवाद
मृतक इरफान की पत्नी नसरीन के मुताबिक, घर के बंटवारे को लेकर परिवार में लंबे समय से विवाद चल रहा था। कई बार पंचायत भी हुई, लेकिन मामला सुलझ नहीं सका। आरोप है कि शनिवार रात इरफान के बड़े भाई अजब शाह ने घर की दीवार गिरा दी। जिसका इरफान ने विरोध किया। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई।नसरीन का आरोप है कि विवाद बढ़ने पर अजब शाह ने अपने बेटों शोएब और साहिल के साथ मिलकर इरफान पर हमला कर दिया। इसी दौरान आरोपियों ने ईंट से इरफान के सिर पर वार किया। ईंट के नुकीले हिस्से से गंभीर चोट लगने पर इरफान जमीन पर गिर पड़े।
अस्पताल पहुंचने से पहले तोड़ा दम
परिजन गंभीर हालत में इरफान को अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। मृतक अपने पीछे पत्नी और दो साल के बेटे को छोड़ गया है।
मजदूरी कर चलाता था परिवार
परिजनों के अनुसार, इरफान मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करता था। पत्नी नसरीन ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और इंसाफ की मांग की है।
तीन आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज
मृतक की मां की तहरीर पर नवाबगंज थाने में आरोपी अजब शाह और उसके दो बेटों शोएब व साहिल के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है।
दो आरोपी हिरासत में, पुलिस जांच जारी
इस घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मामले में दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।अधिकारियों का कहना है कि बाकी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है, और जल्द ही सभी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
