बरेली : उत्तर प्रदेश सरकार की अपराध के प्रति जीरो टॉलरेंस नीति के तहत बरेली प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चार अपराधियों को जिला बदर कर दिया है। जिला मजिस्ट्रेट अविनाश सिंह ने उत्तर प्रदेश गुण्डा नियंत्रण अधिनियम के तहत यह आदेश जारी किए हैं।
प्रशासन द्वारा जारी आदेश के अनुसार थाना इज्जतनगर क्षेत्र के कृष्ण पटेल, थाना शेरगढ़ क्षेत्र के चन्द्रबाबू नायडू उर्फ चेतन, थाना शीशगढ़ क्षेत्र के नदीम उर्फ एली तथा थाना शेरगढ़ क्षेत्र के नन्हे को जिला बदर किया गया है। इन सभी के खिलाफ उत्तर प्रदेश गुण्डा नियंत्रण अधिनियम की धारा 3(1) के तहत कार्रवाई की गई है।
समाज का माहौल खराब करने वालों के खिलाफ एक्शन
जिला प्रशासन का कहना है कि जनपद में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए लगातार सख्त कदम उठाए जा रहे हैं। अपराधियों के खिलाफ यह कार्रवाई प्रदेश सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति के अनुरूप की गई है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि समाज में भय और अशांति का माहौल पैदा करने वाले तत्वों के खिलाफ आगे भी इसी तरह की कठोर कार्रवाई जारी रहेगी। जिला बदर किए गए अपराधियों को निर्धारित अवधि तक जनपद की सीमा से बाहर रहना होगा।
