विकसित भारत की ओर कदम, कल खुलेगा नारी स्किल सेंटर, योग दिवस पर विशेष आयोजन
बरेली : महिला सशक्तिकरण, कौशल विकास और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से बरेली छावनी परिषद ने दो महत्वपूर्ण पहल शुरू की हैं। एक ओर महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए ‘नारी स्किल सेंटर’ की स्थापना की जा रही है,तो वहीं अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2026 के अवसर पर छावनी क्षेत्र में विभिन्न योग एवं आध्यात्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। दोनों कार्यक्रमों की परिकल्पना एवं क्रियान्वयन बरेली छावनी परिषद की मुख्य कार्यपालक अधिकारी डॉ. तनु जैन के निर्देशन में किया गया है।
महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाएगा ‘नारी स्किल सेंटर’
बरेली छावनी परिषद द्वारा छावनी बालिका विद्यालय में स्थापित ‘नारी स्किल सेंटर’ का उद्घाटन 20 जून को सुबह 11:30 बजे किया जाएगा। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि आर्मी वाइव्स वेलफेयर एसोसिएशन (AWWA) की जोनल वाइस प्रेसिडेंट श्रीमती राजबीर गिल होंगी। इस केंद्र के माध्यम से महिलाओं को सिलाई, कढ़ाई, हस्तशिल्प, स्वरोजगार और उद्यमिता से जुड़े प्रशिक्षण दिए जाएंगे। इसका उद्देश्य महिलाओं की प्रतिभा को निखारना, उन्हें रोजगारपरक कौशल प्रदान करना और आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है। छावनी परिषद का मानना है कि यह पहल महिला सशक्तिकरण के साथ-साथ आत्मनिर्भर भारत और विकसित भारत के लक्ष्य को मजबूती देगी।
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर होंगे तीन प्रमुख कार्यक्रम
21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर बरेली छावनी परिषद “Yoga for Healthy Ageing” थीम पर आधारित विशेष कार्यक्रम आयोजित करेगी। सुबह 6 बजे से 8 बजे तक मेजर ध्यानचंद स्टेडियम में 108 सूर्य नमस्कार चैलेंज एवं सामूहिक योग प्रोटोकॉल सत्र आयोजित किया जाएगा।कार्यक्रम के मुख्य अतिथि ब्रिगेडियर गगनदीप सिंह होंगे। इसमें नागरिक, विद्यार्थी, सैन्य अधिकारी, कर्मचारी और योग साधक भाग लेंगे।
ओम् ध्वनि और आध्यात्मिक प्रवचन
दोपहर 1 बजे कारगिल हॉल में ओम् ध्वनि (OMA) आधारित आध्यात्मिक सत्र आयोजित होगा। इसमें योग, ध्यान और संतुलित जीवनशैली के माध्यम से स्वस्थ एवं सक्रिय वृद्धावस्था के महत्व पर चर्चा की जाएगी।
चन्द्र नमस्कार कार्यक्रम का भी आयोजन
सायंकाल धोपा मंदिर परिसर में चन्द्र नमस्कार सत्र आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि बरेली विधायक संजीव अग्रवाल होंगे। इस दौरान मानसिक शांति, सकारात्मक ऊर्जा और समग्र स्वास्थ्य में योग की भूमिका पर प्रकाश डाला जाएगा।
स्वस्थ और विकसित भारत की दिशा में कदम
बरेली छावनी परिषद का कहना है कि ये दोनों पहलें महिला सशक्तिकरण, सामाजिक समावेशन, स्वास्थ्य जागरूकता और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रयास हैं। ‘नारी स्किल सेंटर’ जहां महिलाओं को नए अवसर उपलब्ध कराएगा, वहीं योग दिवस के कार्यक्रम लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करेंगे।
