बरेली : यूपी के बरेली ज़िले की नगर पालिका आंवला में एक बड़ा राजनीतिक विवाद सामने आया है। यहां के चेयरमैन सैयद आबिद अली के खिलाफ भाजपा के सेक्टर संयोजक और वार्ड संख्या 5 के सभासद सूरजपाल मौर्य को जान से मारने की धमकी देने का मामला दर्ज किया गया है। यह घटना 18 जुलाई की शाम करीब 6 बजे की बताई जा रही है, जब सूरजपाल मौर्य नगर पालिका कार्यालय में अपने वार्ड से जुड़ी समस्याओं को लेकर पहुंचे थे। उसी दौरान चेयरमैन आबिद अली से कहासुनी हो गई, और आरोप है कि उन्होंने खुलेआम जान से मारने की धमकी देते हुए कहा कि “तू बहुत बड़ा नेता बनेगा? तुझे आंवला में नहीं रहने दूंगा… गैंग से मरवा दूंगा… देखता हूं तुझे कौन बचाएगा। “हालांकि, चेयरमैन ने मीडिया से आरोप बेबुनियाद बताएं हैं। राजनैतिक भावना से मुकदमें की बात कही है।
आंवला कोतवाली में मुकदमा
सभासद सूरजपाल ने आरोप लगाया कि धमकी के बाद घबरा गया था। किसी तरह अपनी जान बचाकर वहां से निकला, और परिजनों को सारी बात बताई। परिवार की सलाह पर उन्होंने कोतवाली आंवला में लिखित शिकायत दी, जिस पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है।
चेयरमैन पर पहले भी दर्ज हैं मामले
शिकायत में सूरजपाल ने यह भी लिखा कि चेयरमैन आबिद अली का आपराधिक रिकॉर्ड रहा है, और वह लोगों को डराने के लिए खुद को “दबंग” बताते हैं। आम नागरिक उनके खिलाफ बोलने से डरते हैं। उनका दावा है कि चेयरमैन के खिलाफ पहले भी थाने में कई शिकायतें दर्ज हैं।
लगातार पीछा किए जाने का भी आरोप
सभासद ने यह भी आरोप लगाया कि घटना के बाद से उन्हें कुछ अनजान लोग लगातार पीछा कर रहे हैं। जिससे उनकी जान को खतरा है। उन्होंने प्रशासन से तत्काल सुरक्षा देने की मांग की है। कोतवाली पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।।
