बरेली : शहर के बारादरी थाना क्षेत्र में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां सऊदी अरब में नौकरी कर रहे एक शादीशुदा युवक ने पड़ोस में रहने वाली युवती की जिंदगी बर्बाद करने की साजिश रच दी। आरोप है कि युवक ने युवती के फोटो एडिट कर उसके मंगेतर को भेज दिए। इसके बाद बिना सच्चाई जाने मंगेतर ने शादी तोड़ दी।
मानसिक तनाव में परिवार
इस घटना से युवती और उसका परिवार गहरे मानसिक तनाव में है। पीड़िता के अनुसार आरोपी युवक शहर का ही रहने वाला है और वर्तमान में सऊदी अरब में काम करता है। वह शादीशुदा है, और दो।बच्चों का पिता भी है। युवती ने बताया कि उसकी शादी करीब छह महीने पहले बदायूं जिले में तय हुई थी, और परिवार शादी की तैयारियों में जुटा हुआ था। इसी दौरान आरोपी ने अपने दो साथियों और अपनी पत्नी के साथ मिलकर युवती के फोटो एडिट किए और उन्हें आपत्तिजनक रूप में उसके मंगेतर को भेज दिया।
चरित्र पर लगाए झूठे आरोप, फैलाई गई गलत बातें
पीड़िता का आरोप है कि फोटो भेजने के साथ-साथ आरोपी ने उसके चरित्र और परिवार को लेकर भी झूठी और आपत्तिजनक बातें फैलाईं। इन झूठे आरोपों से मंगेतर और उसके परिजन भड़क गए और बिना किसी जांच-पड़ताल के रिश्ता तोड़ दिया। युवती ने बताया कि उसने कई बार सच्चाई बताने की कोशिश की, लेकिन तब तक हालात हाथ से निकल चुके थे।
फोटो देखते ही टूट गया रिश्ता
युवती के अनुसार एडिटेड फोटो देखने के बाद मंगेतर ने तुरंत शादी से इनकार कर दिया। इस घटना से न सिर्फ उसकी शादी टूटी, बल्कि समाज में उसकी छवि को भी भारी नुकसान पहुंचा। युवती और उसका परिवार इस सदमे से अब तक उबर नहीं पाए हैं।
शिकायत करने पर मारपीट और धमकी
पीड़िता ने बताया कि जब उसने इस पूरे मामले की शिकायत आरोपी की पत्नी और उसकी मां से की, तो उन्होंने गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर युवती के साथ मारपीट की गई और जान से मारने की धमकी भी दी गई। इसके बाद से युवती और उसका परिवार भय के माहौल में रहने को मजबूर है।
थाने पहुंची पीड़िता, पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
घटना से आहत होकर पीड़िता बारादरी थाने पहुंची और आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। थाना प्रभारी धनंजय पांडेय ने मीडिया को बताया कि युवती की शिकायत के आधार पर केस दर्ज किया गया है। मामले की जांच की जा रही है और जांच के बाद जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके अनुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का कहना है कि पीड़िता को न्याय दिलाने के लिए हर जरूरी कदम उठाया जाएगा।
