विश्व दिव्यांग दिवस पर राजकीय संकेत विद्यालय में 132 दिव्यांगजन हुए लाभान्वित, जनप्रतिनिधियों ने बांटे उपकरण,दिव्यांगजन सशक्तिकरण सरकार की शीर्ष प्राथमिकता
बरेली : विश्व दिव्यांग दिवस- 2025 के अवसर पर बुधवार को पूरे प्रदेश में दिव्यांगजन सशक्तिकरण से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए गए। इसी क्रम में लखनऊ में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के संबोधन का सजीव प्रसारण बरेली में भी देखा गया। इस वर्ष बरेली के तीन प्रतिभाशाली दिव्यांगजनों का चयन राज्य सम्मान के लिए हुआ। इसमें रिदम शर्मा का सर्वश्रेष्ठ दिव्यांग खिलाड़ी (नेशनल खिलाड़ी), पूजा का सर्वश्रेष्ठ सृजनशील दिव्यांग महिला, और विक्रम कुमार का सर्वश्रेष्ठ दिव्यांग कर्मचारी के रूप में हुआ। सीएम योगी ने इन तीनों को राज्य स्तर पर सम्मानित किए जाने से जिले में खुशी की लहर है।

132 उपकरण वितरित
बरेली में जिला स्तर का मुख्य आयोजन राजकीय संकेत विद्यालय, इज्जतनगर में हुआ। इसमें मुख्य अतिथि के रूप में एमएलसी कुंवर महाराज सिंह, विधायक (कैंट) संजीव अग्रवाल ने दिव्यांगजनों के बीच विभिन्न सहायक उपकरण वितरित किए। वितरित उपकरणों का विवरण इस प्रकार है कि 55 ट्राईसाइकिल,15 व्हीलचेयर, 48 श्रवण यंत्र, 08 एमआर किट, 05 स्मार्ट केन, और 01 मोटराइज्ड ट्राईसाइकिल हैं। ये उपकरण विभिन्न श्रेणियों के 132 लाभार्थियों को प्रदान किए गए।

जनप्रतिनिधियों ने दिया भरोसा, दिव्यांगजन सम्मान हमारी जिम्मेदारी
एमएलसी कुंवर महाराज सिंह ने कहा कि दिव्यांगजन कल्याण मुख्यमंत्री योगी की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है, तथा सरकार हर जरूरतमंद तक सहायता पहुँचाने को प्रतिबद्ध है। विधायक संजीव अग्रवाल ने कहा कि “दिव्यांगजन सम्मान और उनकी समस्याओं का समाधान हमारी जिम्मेदारी है। सरकार निरंतर सुविधाएँ बढ़ा रही है और आगे भी हर संभव सहायता दी जाएगी।”इस दौरान संगीता सिंह, उपनिदेशक, दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग डॉ. बलवन्त सिंह, प्रधानाचार्य, राजकीय संकेत विद्यालय आदि मौजूद थे।
