बरेली : निवेश पर हर महीने 5% ब्याज देने का झांसा देकर बरेली में 1.35 करोड़ रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। पीड़ित महिला, जो खुद बीमा कंपनी की एजेंट है। इस धोखाधड़ी के सदमे में दिल का दौरा पड़ने से अभी इलाजरत है। पुलिस ने आरोपी कंपनी संचालक सहित तीन लोगों के खिलाफ FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। यह मामला शहर के बारादरी थाना क्षेत्र का है। जाटवपुरा, महावीर एन्क्लेव निवासी मीरा गुप्ता, जो बीमा कंपनी में एजेंट हैं, ने बताया कि माडल टाउन निवासी कन्हैया गुलाटी, उसके साथी हरेंद्र पटेल और जगतपाल ने उन्हें अपनी कंपनी कैनविज एसोसिएट्स में निवेश का प्रस्ताव दिया था।
5% प्रतिमाह ब्याज का लालच
आरोपियों ने कहा कि निवेश पर हर महीने पांच प्रतिशत ब्याज दिया जाएगा। इसी भरोसे के कारण मीरा गुप्ता ने अपने परिचितों के साथ मिलकर 1 करोड़ 35 लाख रुपये निवेश करा दिए। इसमें से 39 लाख रुपये मीरा के अपने थे, जो उन्होंने मकान गिरवी रखकर जुटाए थे, लेकिन न निवेश पर ब्याज मिला, न मूल रकम वापस। स्थिति बिगड़ने पर मीरा तनाव और अवसाद में चली गईं। इसी दौरान उन्हें हार्ट अटैक आ गया। फिलहाल उनका इलाज चल रहा है।
अब घर बिकने की नौबत
लोन की किस्तें नहीं भर पाने के कारण मकान बेचने की नौबत आ चुकी है। बारादरी के इंस्पेक्टर धनंजय पांडेय ने मीडिया को बताया कि शिकायत के आधार पर कैनविज कंपनी संचालक कन्हैया गुलाटी, हरेंद्र पटेल और जगतपाल पर धोखाधड़ी (Cheating) और विश्वासघात की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।
जांच जारी है, सबूतों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
