बरेली: यूपी के बरेली से एक बार फिर बड़ी और सख्त प्रशासनिक कार्रवाई की खबर सामने आ रही है। शहर के इज्जतनगर थाना क्षेत्र में स्थित बेग मैरिज हॉल पर बरेली विकास प्राधिकरण (BDA) का बुलडोजर लगातार दूसरे दिन भी गरजता रहा। मौके पर भारी पुलिस बल तैनात है, और पूरे इलाके को छावनी में तब्दील कर दिया गया है, ताकि किसी भी तरह की अव्यवस्था से निपटा जा सके। प्रशासन के मुताबिक यह कार्रवाई 26 सितंबर को हुए बवाल के बाद शुरू की गई थी। शुरुआती जांच में अवैध निर्माण की पुष्टि होने के बाद पहले मैरिज हॉल को सील किया गया और अब उसे पूरी तरह ध्वस्त करने की कार्रवाई की जा रही है। बुधवार सुबह से ही BDA की टीमों ने दोबारा मोर्चा संभाल लिया और देर शाम तक पूरे मैरिज हॉल को जमींदोज करने का कार्य चलता था।
बिना नक्शा, बिना अनुमति बना था मैरिज हॉल
बरेली विकास प्राधिकरण की जांच में सामने आया कि बेग मैरिज हॉल का निर्माण बिना किसी स्वीकृत नक्शे और वैधानिक अनुमति के किया गया था। न तो भूमि उपयोग की मंजूरी ली गई थी और न ही भवन निर्माण के नियमों का पालन किया गया। इसी परिसर में बने एक जिम पर भी पहले ही कार्रवाई की जा चुकी है।
स्टे का दावा, प्रशासन ने किया खारिज
मैरिज हॉल संचालक वाजिद बेग के भाई आबिद बेग ने मीडिया से बातचीत में दावा किया कि उनके पास कार्रवाई के खिलाफ कोर्ट से स्टे था और बिना किसी पूर्व सूचना के बुलडोजर चला दिया गया। हालांकि, विकास प्राधिकरण के अधिकारियों ने इन आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि मौके पर कोई वैध स्टे आदेश प्रस्तुत नहीं किया गया।
BDA का साफ संदेश-अवैध निर्माण बख्शा नहीं जाएगा
BDA अधिकारियों का कहना है कि यह कार्रवाई पूरी तरह नियम और कानून के दायरे में की जा रही है। अवैध निर्माण चाहे किसी का भी हो, उस पर सख्त कार्रवाई तय है।प्रशासन ने स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार का भेदभाव नहीं किया जा रहा है। हालांकि, यह भी चर्चा है कि बरेली बवाल से करीब आठ दिन पहले आइएमसी प्रमुख मौलाना तौकीर रजा खां ने इसी शादी में हाल में मीटिंग की थी।
पूरे इलाके पर कड़ी नजर
फिलहाल बेग मैरिज हॉल पर बुलडोजर की कार्रवाई जारी है। प्रशासन का दावा है कि अगले कुछ घंटों में पूरा अवैध निर्माण गिरा दिया जाएगा। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पुलिस और प्रशासन पूरी तरह सतर्क हैं।
