बरेली : यूपी के बरेली ज़िले में होमगार्ड भर्ती परीक्षा का आगाज हो गया है, जो 25, 26 और 27 अप्रैल तक चलेगी। इस बार प्रशासन के सामने सबसे बड़ी चुनौती यह है कि परीक्षा के पहले ही दिन उर्स -ए-ताजुश्शरिया का ‘कुल’ भी है। ऐसे में शहर में भारी भीड़ की संभावना को देखते हुए सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर व्यापक इंतजाम किए गए हैं।
कड़ी सुरक्षा के बीच होगी परीक्षा, STF और खुफिया एजेंसियां अलर्ट
भर्ती परीक्षा को पूरी तरह नकलविहीन और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने सख्त कदम उठाए हैं। पुलिस बल के साथ मजिस्ट्रेटों की तैनाती की गई है, जबकि एसटीएफ और खुफिया इकाइयों को भी सक्रिय कर दिया गया है। संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए शहर के होटलों और लॉजों में विशेष चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है, ताकि किसी भी प्रकार की गड़बड़ी को समय रहते रोका जा सके।
दो पालियों में परीक्षा, हर दिन हजारों अभ्यर्थियों की मौजूदगी

तीन दिनों तक चलने वाली इस भर्ती परीक्षा में कुल 52,416 अभ्यर्थी हिस्सा ले रहे हैं। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए अभ्यर्थियों को अलग -अलग दिनों और पालियों में विभाजित किया गया है। हर दिन 17,472 उम्मीदवार परीक्षा देंगे।जिसमें प्रत्येक पाली में 8,736 परीक्षार्थियों के बैठने की व्यवस्था की गई है। परीक्षा का समय सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक निर्धारित किया गया है।
7 जिलों से आएंगे अभ्यर्थी, हरदोई और फर्रुखाबाद सबसे आगे
एसपी ट्रैफिक मुहम्मद अकमल खान ने मीडिया को बताया कि इस परीक्षा में सात जिलों के अभ्यर्थी शामिल हो रहे हैं। सबसे ज्यादा 14,658 उम्मीदवार हरदोई से हैं, जबकि फर्रुखाबाद से 14,593 और खीरी से 13,545 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे। इसके अलावा सीतापुर, शाहजहांपुर, बदायूं और पीलीभीत के अभ्यर्थी भी अपनी किस्मत आजमाएंगे।
19 परीक्षा केंद्रों पर तैयारी पूरी, प्रमुख कॉलेज बने सेंटर

अभ्यर्थियों की सुविधा और सुचारु संचालन के लिए शहर के 19 प्रमुख शिक्षण संस्थानों को परीक्षा केंद्र बनाया गया है। इनमें बरेली कॉलेज के विभिन्न ब्लॉक्स, बरेली इंटर कॉलेज, बिशप मंडल, दरबारी लाल शर्मा इंटर कॉलेज (रिठौरा), एफआर इस्लामिया, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज और राजकीय इंटर कॉलेज शामिल हैं। इसके साथ ही इस्लामिया गर्ल्स इंटर कॉलेज, केपीआरसी कला केंद्र, कुंवर रंजीत सिंह इंटर कॉलेज, मौलाना आजाद इंटर कॉलेज, साहू गोपीनाथ गर्ल्स इंटर कॉलेज, तिलक इंटर कॉलेज और विष्णु इंटर कॉलेज में भी परीक्षा आयोजित की जा रही है। प्रशासन का दावा है कि सभी केंद्रों पर पर्याप्त व्यवस्था की गई है, ताकि अभ्यर्थियों को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े और परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।
