बरेली : अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। बरेली देहात के थाना देवरनिया पुलिस और एएनटीएफ यूनिट की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए झारखंड के दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों के कब्जे से 13 किलोग्राम अवैध अफीम बरामद हुई है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय कीमत लगभग 65 लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
नैनीताल हाईवे पर पुलिस ने की घेराबंदी
पुलिस के मुताबिक, ANTF यूनिट और थाना देवरनिया पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ लोग अवैध अफीम लेकर जा रहे हैं।सूचना के आधार पर टीम ने नैनीताल हाईवे स्थित बिचपुरी के पास घेराबंदी की। रात करीब 9:24 बजे पुलिस ने दो संदिग्ध व्यक्तियों को रोककर जांच की, जहां उनके पास से भारी मात्रा में अफीम बरामद हुई।
आरोपियों के पास से 13 किलो अफीम बरामद
गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान विशाल कुमार और अजय कुमार के रूप में हुई है। दोनों आरोपी झारखंड के चतरा जिले के रहने वाले हैं। पुलिस जांच में विशाल कुमार के पास से 7 किलोग्राम और अजय कुमार के पास से 6 किलोग्राम अफीम बरामद हुई। दोनों के कब्जे से कुल 13 किलोग्राम अवैध अफीम मिली है।
पूछताछ में तस्करी का खुलासा
पुलिस पूछताछ के दौरान आरोपियों ने बताया कि आर्थिक तंगी के कारण वे झारखंड से अफीम लाकर उत्तराखंड में सप्लाई करने का काम करते थे। आरोपियों ने यह भी बताया कि वे पहले भी कई बार इस तरह की तस्करी कर चुके हैं। मामले में थाना देवरनिया में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
