बरेली : माघ मेले को लेकर रेलवे और रोडवेज ने अभी से व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं। तीन जनवरी (पौष पूर्णिमा) से 15 फरवरी (महाशिवरात्रि) तक चलने वाले माघ मेले के दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए बरेली से प्रयागराज, वाराणसी, हरिद्वार समेत कई प्रमुख तीर्थ स्थलों के लिए विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं।
प्रमुख स्नान पर्वों पर बढ़ेगा परिवहन दबाव
इस बार माघ मेले में छह प्रमुख स्नान पर्व होंगे। ऐसे में यात्रियों की संख्या को देखते हुए रोडवेज ने बरेली परिक्षेत्र के चारों डिपो से अतिरिक्त बसें चलाने की योजना बनाई है। प्रयागराज और वाराणसी के अलावा हरिद्वार, गढ़मुक्तेश्वर, कछला जैसे रूटों पर भी बसों की संख्या बढ़ाई जाएगी। क्षेत्रीय प्रबंधक दीपक चौधरी ने माडिया को बताया कि सभी डिपो को रूट चार्ट और संचालन शेड्यूल तैयार करने के निर्देश दे दिए गए हैं।
रेलवे भी चलाएगा विशेष ट्रेनें

भारतीय रेलवे की ओर से भी माघ मेले के दौरान विशेष ट्रेनों के संचालन की तैयारी की जा रही है। रेलवे सूत्रों के मुताबिक, प्रमुख स्नान पर्वों के आसपास विशेष गाड़ियों की समय -सारिणी जल्द जारी की जाएगी। उल्लेखनीय है कि फिलहाल 29 फरवरी तक बरेली होकर गुजरने वाली अप-डाउन की 38 ट्रेनें निरस्त हैं, जिससे यात्रियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
छोटे व्यापारियों और किसानों को बड़ी राहत
रेलवे ने पार्सल बिजनेस को बढ़ावा देने के लिए छोटे व्यापारियों और किसानों को बड़ी राहत दी है। अब वे भी मेल-एक्सप्रेस ट्रेनों और मालगाड़ियों के कोच को न्यूनतम तीन माह की पर्सनल लीज पर ले सकेंगे।
पूर्वोत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी पंकज सिंह ने बताया कि नई व्यवस्था सभी जोन में लागू कर दी गई है। इसके तहत कम भुगतान में बिजनेस स्पेस उपलब्ध होगा, जिससे छोटे कारोबारियों और किसानों को सीधे लाभ मिलेगा।
श्रद्धालुओं के लिए बड़ी तैयारी
माघ मेले के मद्देनज़र रेलवे और रोडवेज की ये तैयारियां श्रद्धालुओं को बड़ी राहत देंगी। हालांकि, ट्रेन लेटलतीफी और निरस्तीकरण यात्रियों के लिए अब भी चुनौती बने हुए हैं। आने वाले दिनों में विशेष ट्रेनों और अतिरिक्त बसों के संचालन से यात्रा व्यवस्था सुचारु होने की उम्मीद है।
