डीएम अविनाश सिंह ने जीरो टॉलरेंस नीति के तहत गूंड़ा एक्ट में की कार्रवाई, 6 महीने के लिए जिला बदर
बरेली : यूपी सरकार की अपराध के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस नीति के तहत बरेली प्रशासन ने सख्त कदम उठाया है। डीएम अविनाश सिंह ने उ0प्र0 गुण्डा नियंत्रण अधिनियम के अंतर्गत कार्रवाई करते हुए तीन कुख्यात अपराधियों को छह माह के लिए जिला बदर कर दिया है। इसके साथ ही एक आरोपी का शस्त्र लाइसेंस भी निरस्त कर दिया गया है। यह कार्रवाई धारा-3(1) उ0प्र0 गुण्डा नियंत्रण अधिनियम के तहत की गई है। जिला बदर किए गए अपराधियों में शहर के इज्जतनगर थाना क्षेत्र निवासी बेचा, बारादरी थाना क्षेत्र के जगमोहन उर्फ तन्नू और वसीम उर्फ गण्ठी शामिल हैं। तीनों को छह महीने के लिए बरेली जिला सीमा से बाहर रहने का आदेश दिया गया है।
शस्त्र लाइसेंस निरस्तीकरण की कार्रवाई
इसके अलावा, फरीदपुर कोतवाली थाना क्षेत्र निवासी ओमकार के खिलाफ धारा-17(3) भारतीय शस्त्र अधिनियम के अंतर्गत कार्रवाई कर उनका शस्त्र लाइसेंस निरस्त कर दिया गया है। प्रशासन का कहना है कि कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए ऐसे कदम जरूरी हैं।
प्रशासन का सख्त संदेश
डीएम अविनाश सिंह ने स्पष्ट किया है कि अपराध और अपराधियों के प्रति किसी भी तरह की ढील नहीं दी जाएगी। कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
