बरेली : यूपी के बरेली में बरेली विकास प्राधिकरण (BDA) ने शुक्रवार को शहर के थाना इज्जतनगर क्षेत्र के ग्राम धौरेरा माफी में दो अवैध कॉलोनियों पर ध्वस्तीकरण की बड़ी कार्रवाई की। यह कार्रवाई विशेष कार्याधिकारी अजीत कुमार सिंह के नेतृत्व में की गई। बीडीए ने मीडिया को बताया कि अर्जुन सिंह पटेल ने करीब 10 बीघा क्षेत्रफल में अवैध कॉलोनी विकसित की थी। यहां भूखंडों का प्लॉटिंग चिन्हांकन किया गया था। इसके साथ ही सड़क निर्माण, विद्युत पोल लगाना, बाउंड्रीवाल निर्माण, बिना BDA की स्वीकृति के पूरी कालोनी विकसित करने का प्रयास था। दूसरी अवैध कॉलोनी विशाल ग्वाल ने करीब 4 बीघा में विकसित की। यहां नाली और सड़क निर्माण और साइट ऑफिस के साथ ही बाउंड्रीवाल हो रही थी। प्लॉटिंग का अवैध विकास कार्य हो रहा था।
बिना मैप के कालोनी विकसित

यह दोनों कॉलोनियां बिना मानचित्र स्वीकृति के, U.P. Nagar Yojna एवं Vikas Adhiniyam 1973 के नियमों का उल्लंघन करते हुए विकसित की जा रही थीं। इस दौरान कार्रवाई में विशेष कार्याधिकारी अजीत कुमार सिंह, सहायक अभियंता धर्मवीर, अवर अभियंता अजीत कुमार साहनी और BDA की प्रवर्तन टीम व पुलिस बल मौजूद रहा।
जनता को दी यह चेतावनी


प्राधिकरण ने स्पष्ट कहा है कि बिना मानचित्र स्वीकृति के प्लॉटिंग या निर्माण करना पूर्णतः अवैध है। अवैध निर्माण मिलने पर BDA उसे किसी भी समय ध्वस्त कर सकता है। उन्होंने कहा है खरीदने वालों को विशेष सलाह दी जाती है कि जमीन/प्लॉट खरीदने से पहले मानचित्र स्वीकृति की पुष्टि BDA कार्यालय से अवश्य करें। अगर मानचित्र स्वीकृत नहीं है, तो खरीदारी न करें। अन्यथा नुकसान और ध्वस्तीकरण का पूरा जिम्मा खरीदार पर ही होगा।
