26 सितंबर बवाल से जुड़ी बताई जा रही कार्रवाई, अवैध निर्माण का दावा
बरेली : यूपी के बरेली से इस वक्त एक बड़ी और अहम प्रशासनिक कार्रवाई की खबर सामने आ रही है। शहर के थाना इज्जतनगर क्षेत्र में स्थित वेग मैरिज हॉल पर बरेली विकास प्राधिकरण (BDA) का बुलडोजर चलना शुरू हो चुका है। कार्रवाई के दौरान मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है, और पूरे इलाके में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। प्रशासन की यह कार्रवाई 26 सितंबर को हुए बवाल से सीधे तौर पर जुड़ी बताई जा रही है। उस घटना के बाद प्रशासन की नजर इस प्रतिष्ठान पर गई थी। जांच के दौरान बरेली विकास प्राधिकरण को यहां कई गंभीर अनियमितताएं मिलने का दावा किया गया।
BDA का दावा-अवैध निर्माण
बरेली विकास प्राधिकरण के अधिकारियों के अनुसार, वेग मैरिज हॉल का निर्माण बिना नक्शा पास कराए और बिना किसी वैधानिक अनुमति के किया गया था। नियमों के उल्लंघन के चलते कुछ महीने पहले ही इस मैरिज हॉल को सील कर दिया गया था। इतना ही नहीं, इसी परिसर में संचालित एक जिम को भी पहले ही सील किया जा चुका है।

शादी हॉल संचालक का आरोप
वेग मैरिज हॉल से जुड़े वाजिद बेग के भाई ने मीडिया से बातचीत में दावा किया है कि“आज हमारे पास कोर्ट का स्टे था। इसके बावजूद बिना कोई सूचना दिए कार्रवाई शुरू कर दी गई। हमारा पक्ष भी नहीं सुना गया। परिवार का कहना है कि प्रशासन ने एकतरफा कार्रवाई की है, जबकि वे कानूनी प्रक्रिया का पालन कर रहे थे।
जानें क्या बोले बीडीए अफसर
इस मामले पर विकास प्राधिकरण के अधिकारियों का साफ कहना है कि “कानून सबके लिए बराबर है। अवैध निर्माण चाहे किसी का भी हो, उसे बख्शा नहीं जाएगा।”BDA की टीमें लगातार शहर में अवैध निर्माणों के खिलाफ अभियान चला रही हैं और इसी क्रम में यह कार्रवाई की जा रही है।
सियासी और सामाजिक हलकों में चर्चा

इस कार्रवाई को लेकर राजनीतिक और सामाजिक हलकों में चर्चाएं तेज हो गई हैं। बताया जा रहा है कि मौलाना तौकीर से जुड़े लोगों के प्रतिष्ठानों पर लगातार कार्रवाई हो रही है, जिसे लेकर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं।हालांकि, प्रशासन ने इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा है कि यह कार्रवाई पूरी तरह से कानूनी प्रक्रिया के तहत की जा रही है और किसी के साथ कोई भेदभाव नहीं किया जा रहा है। फिलहाल, वेग मैरिज हॉल पर बुलडोजर की कार्रवाई जारी है। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पुलिस और प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। पूरे इलाके पर नजर रखी जा रही है और हालात की लगातार निगरानी की जा रही है।
