बरेली: मीरगंज थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मादक पदार्थों की तस्करी में शामिल एक शातिर हिस्ट्रीशीटर को 502 ग्राम अवैध स्मैक के साथ गिरफ्तार किया है। बरामद स्मैक की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 50 लाख रुपये बताई जा रही है। इस कार्रवाई से इलाके में हड़कंप मच गया।
बिना नंबर प्लेट की बाइक से ला रहा था स्मैक
मीरगंज थाना पुलिस क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए संदिग्ध लोगों और वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि एक व्यक्ति बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल से अवैध स्मैक लेकर गुगई तिराहे की ओर आ रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तुरंत घेराबंदी कर दी।
मौके से गिरफ्तार हुआ शातिर आरोपी
घेराबंदी के दौरान पुलिस ने आरोपी पंकज उपाध्याय उर्फ पंकज शर्मा को मौके से पकड़ लिया। तलाशी में उसके पास से 502 ग्राम अवैध स्मैक, एक कीपैड मोबाइल फोन और बिना नंबर प्लेट की हीरो स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल बरामद हुई। पुलिस के मुताबिक आरोपी मीरगंज थाना क्षेत्र का हिस्ट्रीशीटर है, जिसका हिस्ट्रीशीटर नंबर 112/ए दर्ज है।
एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज
गिरफ्तारी के बाद आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है और यह जानने की कोशिश की जा रही है कि वह स्मैक कहां से लाता था और किस-किस को सप्लाई करता था।
