शाहजहांपुर : गढ़िया रंगीन थाना क्षेत्र में जमीन विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया। गांव खमरिया निवासी वीरेश (50 वर्ष) की उनके ही भतीजों ने साथियों के साथ मिलकर दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी। इस वारदात में गांव के ही रहीस समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है।
जानकारी के मुताबिक, मृतक वीरेश का अपने भाइयों और भतीजों से काफी समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। यह विवाद कई बार पंचायत और थाने तक भी पहुंच चुका था, लेकिन कोई स्थायी समाधान नहीं निकल सका। रविवार को महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर वीरेश अपने परिचित रामरहीस के साथ जैतीपुर थाना क्षेत्र के गांव गोगेपुर स्थित मंदिर में जलाभिषेक करने के लिए कार से जा रहे थे।
दोपहर करीब ढाई बजे जैसे ही वीरेश की कार खमरिया गांव के पास पहुंची, तभी चार पहिया वाहन से आए आरोपियों ने उनकी कार में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही कार रुक गई। इसके बाद आरोपी कार से नीचे उतरे और मारपीट शुरू कर दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विवाद बढ़ते ही आरोपियों ने तमंचा निकाल लिया।
आरोप है कि हमलावरों ने वीरेश के मुंह पर तमंचा सटाकर गोली चला दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। इस दौरान बीच-बचाव करने आए रामरहीस, सुरजीत और प्रशांत को भी बुरी तरह पीटा गया। सभी को गंभीर चोटें आई हैं और हालत नाजुक बताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। इस मामले में पुलिस अधीक्षक राजेश द्विवेदी ने बताया कि घटना की जानकारी मिली है। तहरीर मिलने के बाद आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है।
