बरेली : एंटी करप्शन टीम ने बड़ी कार्रवाई कर एंटी पावर थेफ्ट (बिजली चोरी) थाना प्रभारी निरीक्षक को रंगे हाथ रिश्वत लेते गिरफ्तार किया। ट्रैप टीम प्रभारी निरीक्षक जितेन्द्र सिंह व उनकी टीम ने दोपहर 12:25 बजे निरीक्षक अरुण कुमार को उनके कार्यालय में 5,000 रुपये की रिश्वत लेते पकड़ा। आरोपी निरीक्षक बरेली के इज्जतनगर क्षेत्र का निवासी हैं। ग्राम आलमपुर जाफराबाद निवासी सुभाष शर्मा ने शिकायत की थी कि उनके व उनके पिता के खिलाफ दर्ज मुकदमे में जमानत की कार्यवाही करने के नाम पर आरोपी निरीक्षक 5,000 रुपये की रिश्वत मांग रहा है।
एंटी करप्शन टीम ने तत्काल एक्शन लेकर किया ट्रैप
शिकायत का संज्ञान लेने के बाद एंटी करप्शन टीम ने नियमानुसार ट्रैप की कार्यवाही की और निरीक्षक को रिश्वत लेते ही मौके से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी निरीक्षक के खिलाफ थाना कोतवाली में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कराया है। टीम के अनुसार, आगे की कानूनी प्रक्रिया तेजी से पूरी की जा रही है।
