बरेली: कोतवाली क्षेत्र के सिविल लाइंस स्थित आवास विकास कॉलोनी में बड़ा हादसा होने से बच गया। अदालत में तैनात न्यायाधीश ज्ञानेंद्र त्रिपाठी के मकान की दूसरी मंजिल पर शॉर्ट सर्किट से अचानक आग लग गई। कुछ ही मिनटों में लपटें तेज हो गईं और कमरा धुएं से भर गया। घटना के बाद इलाके में अफरातफरी मच गई।

इनवर्टर में चिंगारी से भड़की आग, तेज़ी से फैल गई लपटें
जानकारी के अनुसार, घर की दूसरी मंजिल पर बने छोटे मंदिर के पास रखे इनवर्टर में अचानक चिंगारी निकली और देखते ही देखते आग फैल गई।

किराएदारों ने दिखाई सूझबूझ,तुरंत दी फायर ब्रिगेड को सूचना
घटना के वक्त न्यायाधीश ज्ञानेंद्र त्रिपाठी अदालत में न्यायिक कार्य पर गए थे, जबकि परिवार के अन्य सदस्य अवकाश के चलते घर पर थे। उसी समय मकान में मौजूद किराएदारों ने धुआं देखा और बिना देर किए अग्निशमन विभाग को सूचना दी, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी मनु शर्मा मौके पर, मिनटों में आग पर काबू
सूचना मिलते ही मुख्य अग्निशमन अधिकारी मनु शर्मा और फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने तेजी से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर कुछ ही मिनटों में आग को काबू में कर लिया।
गनीमत रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई।
CFO ने दिए जांच के आदेश
मुख्य अग्निशमन अधिकारी ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आग लगने के कारणों की विस्तृत जांच के निर्देश दिए हैं। फिलहाल प्राथमिक कारण शॉर्ट सर्किट ही बताया जा रहा है।
