सैदपुर प्यारेलाल के आम के बाग में चल रहा था खेल, 2910 रुपये नकद बरामद
बरेली : यूपी के बरेली देहात के भोजीपुरा थाना क्षेत्र में मुर्गों की लड़ाई पर दांव लगाकर जुआ खेलने का मामला सामने आया है। पुलिस ने छापेमारी कर छह लोगों को गिरफ्तार किया है, जबकि मौके से सात लड़ाकू मुर्गों को भी अभिरक्षा में लिया गया है। इस कार्रवाई के दौरान कुछ लोग पुलिस को देखकर फरार हो गए। पुलिस ने मौके से 2910 रुपये नकद भी बरामद किए हैं।
सूचना मिलते ही पुलिस ने की छापेमारी
भोजीपुरा थाना प्रभारी केबी सिंह ने मोडिया को बताया कि सूचना मिली थी कि सैदपुर प्यारेलाल गांव स्थित एक आम के बाग में मुर्गों की लड़ाई कराकर बड़े पैमाने पर जुआ खेला जा रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए दरोगा रंजीत कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मौके पर छापा मारा। पुलिस की कार्रवाई से वहां अफरा-तफरी मच गई और कई लोग भाग निकले।
छह आरोपी गिरफ्तार, दर्ज हुआ मुकदमा
छापेमारी के दौरान पुलिस ने मकसूद खां, अख्तर खां, साजिद, पप्पू, तेजपाल और भुलइया को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ जुआ अधिनियम और पशु क्रूरता निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में साजिद का पहले से आपराधिक इतिहास भी रहा है।
सात लड़ाकू मुर्गे भी पुलिस की अभिरक्षा में
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने सात लड़ाकू मुर्गों को भी कब्जे में लिया।चूंकि ये मुर्गे मामले से जुड़े साक्ष्य हैं। इसलिए इन्हें भी माल मुकदमा के रूप में दर्ज किया गया है।हालांकि, इन्हें थाने में लंबे समय तक रखना पुलिस के लिए चुनौती बन गया है।
थाने में मचा रहे हैं धमाचौकड़ी
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक मुर्गे थाने परिसर में इधर-उधर घूमकर शोर-शराबा और गंदगी फैला रहे हैं। ऐसे में उनकी देखभाल और सुरक्षा सुनिश्चित करना भी जरूरी हो गया है। थाना प्रभारी केबी सिंह ने बताया कि जिन लोगों के मुर्गे हैं, वे कार्रवाई के दौरान मौके से फरार हो गए थे।
गांव के जिम्मेदार व्यक्ति को सौंपी जाएगी सुपुर्दगी
पुलिस अब इन मुर्गों को गांव के किसी जिम्मेदार व्यक्ति, ग्राम प्रधान या प्रबुद्ध नागरिक की सुपुर्दगी में देने की तैयारी कर रही है। सुपुर्दगी लेने वाले व्यक्ति की जिम्मेदारी होगी कि जरूरत पड़ने पर वह मुर्गों को जांच या न्यायिक प्रक्रिया के दौरान प्रस्तुत करे।
पुलिस बोली- जुआ और पशु क्रूरता पर सख्त कार्रवाई जारी
भोजीपुरा पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में अवैध जुआ और पशुओं के साथ क्रूरता से जुड़े मामलों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। ऐसे मामलों में शामिल लोगों के खिलाफ कानून के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।
