बरेली : शहर के होनहार निशानेबाज 13 वर्षीय शौर्य सिंह ने भोपाल में आयोजित 0755 इंडिया ओपन शूटिंग चैंपियनशिप राइफल-पिस्टल 2025 में धमाकेदार प्रदर्शन कर स्वर्ण पदक अपने नाम कर लिया। यह प्रतियोगिता नेशनल राइफल एसोसिएशन ऑफ इंडिया (NRAI) की ओर से 11 से 24 नवंबर तक आयोजित की गई थी। शौर्य ने 25 मीटर .22 बोर स्पोर्ट्स पिस्टल यूथ मेन इवेंट में 300 में से 287 का शानदार स्कोर दागा, जो न सिर्फ इस इवेंट का, बल्कि पूरी चैंपियनशिप का सर्वोच्च स्कोर रहा।
बरेली का पहला शूटर, यूपी का इकलौता टैलेंट, इतनी कम उम्र में चार इवेंट में क्वालिफाई
शौर्य के कोच व पिता देवव्रत सिंह (नेशनल पिस्टल शूटर व ISSF सर्टिफाइड कोच) के अनुसार यह शौर्य का अब तक का व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है। वह बरेली के पहले शूटर बन गए हैं, जिन्होंने यूथ कैटेगरी में यह उपलब्धि हासिल की है। इसके साथ ही वह पूरे उत्तर प्रदेश के एकमात्र शूटर हैं जिन्होंने महज 13 साल की उम्र में पिस्टल के चार अलग-अलग इवेंट्स में प्रदर्शन करते हुए नेशनल चैंपियनशिप के लिए क्वालीफाई किया है।
अन्य इवेंट्स में भी कमाल
शौर्य ने केवल एक इवेंट नहीं,बल्कि हर इवेंट में अपनी क्षमता का लोहा मनवाया। उनका प्रदर्शन 10 मीटर एयर पिस्टल सब यूथ मेन : 361, 25 मीटर .32 बोर सेंटर फायर (सीनियर कैटेगरी) : 300 में से 271, 50 मीटर .22 बोर फ्री पिस्टल जूनियर मेन : 300 में से 253 कम उम्र में सीनियर कैटेगरी में भी इतना मजबूत प्रदर्शन शौर्य को एक उभरता हुआ अंतरराष्ट्रीय स्तर का भविष्य का चैंपियन साबित कर रहा है।
UP Rifle Association ने दी बधाई
शौर्य की उपलब्धि पर जी.एस. सिंह (जनरल सेक्रेटरी, यूपी स्टेट राइफल एसोसिएशन), महिपाल सिंह यादव (वाइस प्रेसिडेंट), इंटरनेशनल शूटर बाबूराम ने उन्हें बधाई दी और उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
अब नजरें दिसंबर की 68वीं नेशनल शूटिंग चैंपियनशिप पर
शौर्य सिंह अब 68वीं नेशनल शूटिंग चैंपियनशिप (दिसंबर 2025) में हिस्सा लेंगे, जहाँ उनसे मेडल की उम्मीदें और भी बढ़ गई हैं।
