बरेली: शहर के बारादरी थाना क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नाग देवता मंदिर के पास से एक युवक को गिरफ्तार किया। पकड़ा गया अभियुक्त सुरेंद्र,20 वर्ष का है, जो विशारतगंज थाना क्षेत्र के कान्धरपुर गांव का रहने वाला है।
528 ग्राम अफीम बरामद, कीमत करीब 10 लाख रुपये
पुलिस चेकिंग के दौरान आरोपी के पास से 528 ग्राम अवैध अफीम बरामद हुई। इसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 10 लाख रुपये बताई जा रही है। इस बरामदगी को पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है।
NDPS एक्ट में केस दर्ज, साथी की तलाश जारी
इस मामले में आरोपी के खिलाफ NDPS एक्ट की धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने बताया कि इस मामले में कल्लू राजपूत नाम का एक अन्य आरोपी भी शामिल है, जो फिलहाल फरार है। उसकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।
लालच में आकर शुरू किया तस्करी का काम
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह 10वीं तक पढ़ा है और खेती करता है। गांव के ही कल्लू राजपूत ने उसे ज्यादा पैसे कमाने का लालच दिया, जिसके बाद उसने अफीम बेचने का काम शुरू किया। पुलिस ने बताया कि आरोपी अफीम बेचने जा रहा था, तभी उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
