बरेली: शहर में 23 मार्च से 25 मार्च तक वाहन चेकिंग और मॉडीफाइड साइलेंसर के खिलाफ विशेष अभियान चलाया गया। इस दौरान पुलिस ने पूरे जिले में सख्ती दिखाते हुए लगातार चेकिंग अभियान जारी रखा।
10 हजार से ज्यादा दोपहिया वाहनों की जांच
अभियान के दौरान 413 स्थानों पर चेकिंग की गई, जिसमें कुल 10,619 दोपहिया वाहनों को रोका गया। जांच में 74 वाहनों में मॉडीफाइड साइलेंसर पाए गए। इनमें से 30 वाहनों को सीज किया गया, जबकि 45 का चालान किया गया। इसके अलावा अन्य नियमों के उल्लंघन में 4,555 वाहनों के चालान भी काटे गए।
संदिग्ध व्यक्तियों की तलाशी, अवैध हथियार बरामद
पुलिस ने इस अभियान के दौरान 7,768 संदिग्ध लोगों की भी चेकिंग की। इस दौरान थाना किला क्षेत्र में एक व्यक्ति के पास से अवैध तमंचा और कारतूस बरामद हुआ। आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया।
साइलेंसर बेचने वाली दुकानों पर भी कार्रवाई
मॉडीफाइड साइलेंसर बनाने और बेचने वालों के खिलाफ भी पुलिस ने सख्ती दिखाई। जिले में कुल 562 दुकानों की जांच की गई, जिनमें से 11 दुकानों से 15 मॉडीफाइड साइलेंसर बरामद हुए। इस मामले में 11 लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की गई।
