रेलवे ने बढ़ाया स्पोर्ट्स इंफ्रास्ट्रक्चर, राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों की तैयारियों को मिलेगा बड़ा मंच!
बरेली : पूर्वोत्तर रेलवे (एनईआर) के इज्जतनगर मंडल ने खिलाड़ियों के लिए बड़ी सौगात दी है। रेलवे स्पोर्ट्स स्टेडियम, रोड नंबर-4, इज्जतनगर में नए वॉलीबॉल कोर्ट का निर्माण पूरा कर लिया है। यह सुविधा मंडल रेल प्रबंधक वीणा सिन्हा के मार्गदर्शन और मंडल क्रीड़ा अधिकारी एवं वरिष्ठ मंडल वित्त प्रबंधक डॉ. रत्नेश कुमार सिंह के नेतृत्व में विकसित की गई है।

डॉ. रत्नेश कुमार सिंह ने किया उद्घाटन
नवनिर्मित वॉलीबॉल कोर्ट का उद्घाटन फीता काटकर डॉ. रत्नेश कुमार सिंह ने किया। उन्होंने कहा “रेलवे स्टेडियम के अलावा बरेली में इस तरह की आउटडोर खेल सुविधा कहीं और नहीं है। अब खिलाड़ी बेहतर माहौल में अभ्यास कर सकेंगे, जिससे उनका प्रदर्शन निखरेगा।” उन्होंने यह भी बताया कि इस कोर्ट से खिलाड़ियों में शारीरिक व मानसिक विकास होगा और आने वाले समय में यही खिलाड़ी राष्ट्रीय व अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर रेलवे का नाम रोशन करेंगे।

उद्घाटन मैच पुरुष बनाम महिला टीम, रोमांच बराबरी पर खत्म
उद्घाटन के मौके पर पुरुष और महिला टीमों के बीच एक औपचारिक मैच खेला गया। जिसमें दोनों ही टीमों ने दमदार प्रदर्शन किया। मुकाबला इतना रोमांचक रहा कि मैच बराबरी पर समाप्त हुआ। इस दौरान कार्यक्रम में बड़ी संख्या में अधिकारी, कोच, खिलाड़ी और दर्शक उपस्थित रहे। इसमें प्रमुख रूप से संदीप सिंह, वरिष्ठ मंडल कार्मिक प्रबंधक, उमेश चंद्र मिश्रा, वरिष्ठ मंडल विद्युत इंजीनियर (परिचालन), राजकुमार, वरिष्ठ मंडल विद्युत इंजीनियर (टीआरडी), ओमकार सिंह, मंडल विद्युत इंजीनियर (परिचालन), मंडल क्रीड़ा सचिव गीता शर्मा, कोच, खिलाड़ी, रेलकर्मी और बच्चे बड़ी संख्या में मौजूद रहे।
