बरेली: विश्व साइकिल दिवस के अवसर पर बरेली छावनी परिषद ने एक प्रेरणादायक पहल करते हुए आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की 108 छात्राओं को निःशुल्क साइकिल वितरित की। छावनी परिषद की मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) डॉ. तनु जैन के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम ने शिक्षा,पर्यावरण संरक्षण और महिला सशक्तिकरण का संदेश दिया। साइकिल पाकर छात्राओं के चेहरे खुशी से खिल उठे और कार्यक्रम सामाजिक सरोकार का उत्कृष्ट उदाहरण बन गया।
108 छात्राओं को मिली नई उड़ान, शिक्षा का सफर होगा आसान

कार्यक्रम में 108 छात्राओं को निःशुल्क साइकिलें वितरित की गईं। इस पहल का उद्देश्य छात्राओं को विद्यालय आने-जाने में सुविधा उपलब्ध कराना और उनकी शिक्षा को प्रोत्साहित करना है। साइकिल मिलने से छात्राओं का समय बचेगा, पढ़ाई पर अधिक ध्यान केंद्रित होगा और उन्हें आत्मनिर्भर बनने की प्रेरणा मिलेगी।
डॉ. तनु जैन ने बताया साइकिल को सशक्तिकरण का माध्यम

छावनी परिषद की सीईओ डॉ. तनु जैन ने कहा कि साइकिल केवल एक वाहन नहीं है, बल्कि यह छात्राओं के लिए शिक्षा, आत्मविश्वास और सशक्तिकरण का साधन है। उन्होंने कहा कि ऐसी पहलें समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के साथ-साथ बेटियों को आगे बढ़ने का अवसर भी प्रदान करती हैं।
कई संस्थाओं ने बढ़ाया सहयोग का हाथ
इस सामाजिक अभियान को सफल बनाने में कई प्रतिष्ठित संस्थाओं ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। रोटरी क्लब बरेली, यूनियन बैंक, चैंबर ऑफ कॉमर्स, नटराज सिनेमा और बी.एल. एग्रो समेत विभिन्न सामाजिक एवं व्यावसायिक संगठनों ने साइकिलें उपलब्ध कराकर सहयोग दिया। कार्यक्रम में सभी सहयोगी संस्थाओं के योगदान की सराहना की गई।
पर्यावरण संरक्षण और ईंधन बचत का भी दिया संदेश

कार्यक्रम को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की “ईंधन बचाओ” और पर्यावरण संरक्षण की सोच से भी जोड़ा गया। वक्ताओं ने कहा कि साइकिल का उपयोग बढ़ने से डीजल और पेट्रोल की खपत कम होगी, प्रदूषण घटेगा और लोगों का स्वास्थ्य बेहतर होगा। विश्व साइकिल दिवस पर आयोजित यह कार्यक्रम शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण और महिला सशक्तिकरण का सुंदर संगम बनकर सामने आया।कार्यक्रम में रोटरी क्लब के डॉ. मनीष, यूनियन बैंक के उप क्षेत्र प्रमुख राहुल सिंह, चैंबर ऑफ कॉमर्स के राजेश गुप्ता, नटराज सिनेमा से जिशान आलोक, विद्यालय की प्रधानाचार्य वंदना मिश्रा, छावनी परिषद के निधि पाठक, मनोज यादव, मनोज तिवारी, अमित शर्मा सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
