लखनऊ, बरेली और प्रयागराज में प्रशासनिक बदलाव
लखनऊ/बरेली/प्रयागराज : यूपी सरकार ने मंगलवार को नौकरशाही में बड़ा फेरबदल कर 16 वरिष्ठ आईएएस अधिकारियों की जिम्मेदारियों में बदलाव किया है। लखनऊ, बरेली, प्रयागराज समेत कई जिलों में प्रशासनिक कसावट लाने और विकास कार्यों को गति देने के उद्देश्य से यह निर्णय लिया गया है। बरेली की कमिश्नर के रूप में अनामिका सिंह को नियुक्त किया गया है, जबकि वर्तमान कमिश्नर सौम्या अग्रवाल का तबादला प्रयागराज मंडलायुक्त के रूप में कर दिया गया है।
जानें कहा थीं अनामिका सिंह?
अनामिका सिंह अब तक वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन विभाग में तैनात थीं। इसके साथ ही वे यूपी क्लीन एयर मैनेजमेंट प्रोजेक्ट अथॉरिटी की सीईओ का दायित्व संभाल रही थीं। प्रशासनिक अनुभव और पर्यावरण प्रबंधन में उनकी भूमिका को देखते हुए उन्हें बरेली मंडल की कमिश्नर नियुक्त किया गया है। माना जा रहा है कि उनके नेतृत्व में बरेली में विकास कार्यों को नई दिशा और गति मिलेगी।
इन जिलों में भी फेरबदल
सौम्या अग्रवाल को प्रयागराज मंडलायुक्त की जिम्मेदारी दी गई है।लखनऊ मंडल की कमिश्नर रोशन जैकब को सचिव, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग में स्थानांतरित किया गया है। उनकी जगह विजय विश्वास पंत को लखनऊ का नया कमिश्नर नियुक्त किया गया है। कंचन वर्मा, मोनिका रानी, ब्रजेश नारायण, बी. चंद्रकला, अपर्णा यू सहित अन्य अधिकारियों को भी नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। ब्रजेश नारायण सिंह, जो परिवहन आयुक्त थे, उन्हें अब सचिव सामान्य प्रशासन विभाग का पद दिया गया है। बी. चंद्रकला को सचिव वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन विभाग का अतिरिक्त दायित्व सौंपा गया है।
