बरेली : यूपी के बरेली जिले के थाना नवाबगंज क्षेत्र में सोमवार तड़के करीब 3:00 बजे लूट और जानलेवा हमले की गंभीर घटना सामने आई है। थाना क्षेत्र निवासी सुरेश ने मीडिया को बताया कि गांव का ही एक बदमाश उनके घर में घुस आया और 65 वर्षीय बुजुर्ग महिला हीराकली पर धारदार हथियार (बका) से सिर पर हमला कर दिया। हमले में हीराकली के सिर और शरीर के कई हिस्सों पर गंभीर चोटें आईं। आरोप है कि बदमाश ने महिला के कानों से कुंडल और घर में रखी नगदी लूट ली। घायल अवस्था में महिला ने शोर मचाया, तो गांव में अफरातफरी मच गई। ग्रामीण “चोर-चोर” की आवाज लगाते हुए मौके पर पहुंचे और घेराबंदी कर एक आरोपी को पकड़ लिया। इस मामले में जानकारी को नवाबगंज इंस्पेक्टर, और सीओ से बात करने की कोशिश की। मगर, दोनों से फोन पर संपर्क नहीं हो सका।
एक आरोपी लिया हिरासत में
ग्रामीणों ने तुरंत डायल 112 पर सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में ले लिया। घायल महिला को तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। चिकित्सकों की निगरानी में उनका इलाज जारी है। घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्राधिकारी (सीओ) और नवाबगंज इंस्पेक्टर भी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और जांच शुरू कर दी है। अस्पताल में घायल महिला का बयान दर्ज कराने की प्रक्रिया भी जारी है।
घर की जिम्मेदारी हीराकली पर
परिजनों के मुताबिक, हीराकली के पति नाथूलाल पहले से पैरालिसिस से पीड़ित हैं, और उनकी देखभाल की पूरी जिम्मेदारी उन्हीं पर है। घटना के समय वह घर पर अकेली थीं। जिसका फायदा उठाकर बदमाश ने वारदात को अंजाम दिया।पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है, आरोपी से पूछताछ की जा रही है और लूटी गई संपत्ति की बरामदगी के प्रयास जारी हैं। दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद से इलाके में दहशत का माहौल है और पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है।
