बरेली : यूपी के बरेली में कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ा कदम उठाया है। कैफे के अंदर घुसकर मारपीट, तोड़फोड़ और दहशत फैलाने के मामले में मुख्य आरोपी ऋषभ ठाकुर को जिला बदर कर दिया गया है।एडीएम सिटी कोर्ट के आदेश पर सुभाषनगर थाना पुलिस ने गुरुवार को आरोपी बरेली की सीमा से बाहर ले जाकर बदायूं जनपद की सीमा में छोड़ दिया।
दिसंबर में कैफे के अंदर मचा था बवाल
यह मामला दिसंबर महीने के अंत का है। प्रेमनगर थाना क्षेत्र के राजेंद्रनगर इलाके में स्थित एक कैफे में छात्र-छात्राएं जन्मदिन मना रहे थे। इसी दौरान कुछ युवक कैफे में घुस आए और बिना किसी उकसावे के विवाद शुरू कर दिया। आरोप है कि युवकों ने वहां मौजूद लोगों के साथ मारपीट की और जमकर तोड़फोड़ की, जिससे कैफे में मौजूद लोग दहशत में आ गए थे।
संगठन से जुड़ाव बताकर दबाव, माहौल बिगाड़ने की कोशिश
सूत्रों के अनुसार, मुख्य आरोपी ऋषभ ठाकुर ने खुद को एक संगठन से जुड़ा बताकर लोगों पर दबाव बनाने की कोशिश की। इतना ही नहीं, मामले को गलत दिशा देने के लिए सांप्रदायिक माहौल बिगाड़ने का प्रयास भी किया गया, जिससे इलाके में तनाव की स्थिति बन सकती थी। घटना के बाद क्षेत्र में भारी पुलिस बल तैनात करना पड़ा था।
जांच में सामने आया डर का माहौल बनाने का इरादा
कैफे संचालक की शिकायत पर पुलिस ने ऋषभ ठाकुर और उसके साथियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। जांच में यह सामने आया कि आरोपी का मकसद केवल आपसी झगड़ा नहीं था,बल्कि इलाके में डर और दहशत का माहौल बनाना था, जिससे आम लोग भयभीत रहें।
आत्मसमर्पण के बाद भी नहीं बदली गतिविधियां
मामले के तूल पकड़ने के बाद 17 जनवरी को ऋषभ ठाकुर ने कोर्ट में आत्मसमर्पण किया। इसके बाद उसे जेल भेज दिया गया। हालांकि, बाद में जमानत पर रिहा होने के बावजूद उसकी गतिविधियों को गंभीर मानते हुए प्रशासन ने गुंडा एक्ट के तहत कार्रवाई की और उसे जिला बदर करने का निर्णय लिया।
पुलिस ने कराया आदेश का पालन
शहर के सुभाषनगर थाना प्रभारी जितेंद्र कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कोर्ट के आदेश का पालन कर आरोपी को जिले की सीमा से बाहर छोड़ा। इस दौरान क्षेत्र में मुनादी कराकर आम नागरिकों को भरोसा दिलाया गया कि शांति भंग करने वालों के खिलाफ प्रशासन सख्ती से कार्रवाई करता रहेगा।
प्रशासन-पुलिस ने दी चेतावनी
प्रशासन की इस कार्रवाई को बरेली में कानून व्यवस्था मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है। अधिकारियों का साफ कहना है कि सार्वजनिक स्थानों पर उपद्रव, मारपीट और सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
जानें क्या बोले एसपी सिटी
इस पूरे मामले पर एसपी सिटी मानुष पारीक ने मीडिया को बताया कि कैफे कांड के मुख्य आरोपी ऋषभ ठाकुर के खिलाफ जिला बदर की कार्रवाई की गई है। जिसके चलते सुभाषनगर थाना पुलिस ने आरोपी को जिले की सीएम से बाहर कर दिया है।
