बरेली : जिले में प्रेम प्रसंग से जुड़ा एक संवेदनशील मामला सामने आया है। सात माह की गर्भवती युवती ने अपने प्रेमी पर शादी का झांसा देकर धोखा देने का आरोप लगाया है। पीड़िता का कहना है कि युवक उसे कोर्ट मैरिज कराने के बहाने गाजियाबाद से बरेली लेकर आया, लेकिन डीएम कार्यालय के बाहर छोड़कर फरार हो गया। अब युवती ने प्रशासन और पुलिस से न्याय की गुहार लगाई है।
गाजियाबाद में हुई मुलाकात, लिव-इन में रहने का आरोप
पीड़िता नाजिमा पश्चिम बंगाल के मालदा जिले की रहने वाली है और पिछले कई वर्षों से गाजियाबाद की एक निजी कंपनी में काम कर रही है। नाजिमा के अनुसार, उसकी मुलाकात बरेली के भोजीपुरा थाना क्षेत्र के गांव घघोरा घघोरी निवासी आतिफ से एक परिचित की शादी में हुई थी। इसके बाद दोनों के बीच बातचीत बढ़ी और नजदीकियां रिश्ते में बदल गईं। युवती का आरोप है कि दोनों कुछ समय तक लिव-इन रिलेशनशिप में भी रहे।
शादी का भरोसा देकर बनाए शारीरिक संबंध
नाजिमा का आरोप है कि आतिफ उसे गाजियाबाद के एक होटल में रखता था। इसी दौरान दोनों के बीच शारीरिक संबंध बने, जिसके चलते वह गर्भवती हो गई, जब उसने शादी की बात उठाई तो युवक ने कोर्ट मैरिज का भरोसा दिया और उसे बरेली आने के लिए राजी कर लिया।
डीएम कार्यालय के बाहर छोड़कर फरार
पीड़िता का कहना है कि बरेली पहुंचने के बाद आतिफ उसे डीएम कार्यालय के बाहर छोड़कर अचानक गायब हो गया। काफी देर इंतजार करने के बाद जब उसने उससे संपर्क करने की कोशिश की तो उसका मोबाइल फोन भी बंद मिला। सात माह की गर्भवती युवती डीएम कार्यालय के बाहर मदद की गुहार लगाती रही।
पुलिस ने शुरू की जांच, आरोपी की तलाश जारी
इस मामले की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और युवती को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा। पीड़िता के आरोपों के आधार पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपी युवक की तलाश की जा रही है। वहीं, नाजिमा की मांग है कि आरोपी उससे विवाह करे और उसके गर्भ में पल रहे बच्चे को अपना नाम दे। पुलिस ने मीडिया को बताया कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
