बरेली: जिले में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत शहर की थाना बिथरी चैनपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। महिला की मौत के मामले में दर्ज हत्या के मुकदमे में वांछित एक आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
मारपीट के बाद घायल हुई महिला की इलाज के दौरान हुई थी मौत
पुलिस के अनुसार, 8 जून को छोटेलाल निवासी ग्राम उमेदपुर थाना भुता ने तहरीर देकर बताया था कि उसकी बहन राधा के साथ मारपीट की गई थी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। परिजन उसे उपचार के लिए अस्पताल ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में उसकी मौत हो गई। मामले में थाना बिथरी चैनपुर में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने दबोचा आरोपी
इस मामले की जांच के दौरान थाना बिथरी चैनपुर पुलिस लगातार आरोपी की तलाश कर रही थी।इसी बीच मुखबिर से सूचना मिली कि मुकदमे में वांछित आरोपी पप्पू बाईपास पुल के नीचे मौजूद है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान पप्पू निवासी ग्राम खजुरिया ब्रह्मनान, थाना बिथरी चैनपुर के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
पूछताछ में आरोपी ने बताई घटना की वजह
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि 6 जून की रात वह शराब के नशे में था। उसी दौरान मजदूरी के भुगतान को लेकर उसका विवाद संजीव नामक व्यक्ति से चल रहा था। आरोपी के अनुसार उसने नशे की हालत में वहां खड़ा ट्रैक्टर स्टार्ट कर दिया, जो अचानक अनियंत्रित हो गया। इसी दौरान नल के पास खड़ी राधा ट्रैक्टर की चपेट में आ गई। ट्रैक्टर आगे जाकर दीवार से टकराकर रुक गया, जिसके बाद वह मौके से फरार हो गया।
