सपा प्रमुख बोले- भाजपा सरकार में कमीशनखोरी चरम पर, पीडीए का आरक्षण छीना जा रहा, 2027 में जनता भाजपा को सत्ता से करेगी बाहर
लखनऊ : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश में युवाओं के लिए परीक्षा देना भी एक बड़ी परीक्षा बन गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार परीक्षार्थियों के लिए पर्याप्त परिवहन, पेयजल, छाया और अन्य मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने में पूरी तरह विफल रही है। उन्होंने कहा कि परीक्षा केंद्रों, बस अड्डों और रेलवे स्टेशनों पर दिखाई देने वाली अव्यवस्था युवाओं के प्रति सरकार की संवेदनहीनता को दर्शाती है। बुधवार को लखनऊ स्थित समाजवादी पार्टी मुख्यालय में कार्यकर्ताओं और नेताओं को संबोधित करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि प्रदेश में बेरोजगारी भयावह स्तर पर पहुंच चुकी है। कुछ हजार सरकारी पदों के लिए लाखों युवाओं का आवेदन करना इस बात का प्रमाण है कि रोजगार के अवसर लगातार घट रहे हैं।उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रही है।
भ्रष्टाचार और कमीशनखोरी भाजपा का मुख्य एजेंडा

सपा प्रमुख ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार में भ्रष्टाचार और कमीशनखोरी पूरे प्रदेश में चरम पर है। उन्होंने कहा कि अवैध खनन का कारोबार खुलेआम फल-फूल रहा है और सरकार इस पर अंकुश लगाने में असफल साबित हुई है। अखिलेश ने दावा किया कि गोरखपुर की चार लेन लिंक रोड और लखनऊ के ग्रीन कॉरिडोर जैसे प्रोजेक्ट्स में हजारों करोड़ रुपये की अनियमितताएं हुई हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में हर विभाग में बजट की लूट मची हुई है और भ्रष्टाचारियों का बोलबाला है। एमएसएमई सेक्टर की स्थिति खराब हो चुकी है, जबकि उद्योगों और व्यापार को बढ़ावा देने के बजाय सरकार केवल प्रचार में लगी हुई है।
प्रदेश की कानून व्यवस्था ध्वस्त..
एसपी चीफ अखिलेश यादव ने कहा कि उत्तर प्रदेश की कानून व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। प्रदेश में रोजाना जघन्य अपराध हो रहे हैं और अपराधियों में कानून का कोई भय नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा शासन में कोई भी वर्ग सुरक्षित महसूस नहीं कर रहा है। उन्होंने कहा कि महंगाई और बेरोजगारी लगातार बढ़ रही है, जबकि बिजली, स्वास्थ्य और शिक्षा जैसी बुनियादी सेवाओं की हालत बदतर हो चुकी है। स्कूल बंद हो रहे हैं, अस्पतालों में पर्याप्त इलाज नहीं मिल रहा और बिजली व्यवस्था भी चरमरा गई है।
पीडीए के मुद्दे पर भाजपा को घेरा
सपा अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा सरकार पीडीए (पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक) वर्ग के आरक्षण और अधिकारों पर डाका डाल रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा पीडीए समाज के खिलाफ साजिश कर रही है। उन्होंने कहा कि जो पीड़ित, दुखी, अपमानित और वंचित है, वही पीडीए है और समाजवादी पार्टी उनके अधिकारों की लड़ाई लड़ती रहेगी।
2027 में सपा सरकार बनने का दावा

उन्होंने कार्यकर्ताओं से संयमित भाषा और व्यवहार अपनाने की अपील करते हुए कहा कि वर्ष 2027 में जनता भाजपा को हराने का मन बना चुकी है। उन्होंने दावा किया कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनते ही किसानों, युवाओं और पीडीए वर्ग के हित में नई नीतियां लागू की जाएंगी। उन्होंने कहा कि सपा सरकार बनने पर उद्योगों, डेयरी सेक्टर, शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली और कानून व्यवस्था में व्यापक सुधार किए जाएंगे। साथ ही कानपुर की ऐतिहासिक लाल इमली मिल को फिर से चालू करने का भी प्रयास किया जाएगा।
समाजवादी सरकार के विकास कार्यों का किया जिक्र
पूर्व मुख्यमंत्री ने अपने कार्यकाल का उल्लेख करते हुए कहा कि समाजवादी सरकार ने उत्तर प्रदेश को विकास का नया रास्ता दिखाया था। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में स्थापित कई बिजली परियोजनाएं सपा सरकार की देन हैं और आज भी प्रदेश को मिलने वाली बिजली का बड़ा हिस्सा उन्हीं परियोजनाओं से मिल रहा है। उन्होंने कहा कि आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे देश के सबसे बेहतरीन एक्सप्रेसवे में से एक है, जिसे समाजवादी सरकार ने तैयार कराया था। इसके किनारे किसानों के लिए मंडियों और कृषि सुविधाओं की भी योजना बनाई गई थी, लेकिन भाजपा सरकार ने उन योजनाओं को आगे नहीं बढ़ाया।
ताइक्वांडो खिलाड़ियों और मेधावी छात्र का सम्मान

बैठक के दौरान अखिलेश यादव ने मथुरा-वृंदावन में आयोजित स्वामी विवेकानंद ओपन नेशनल ताइक्वांडो चैंपियनशिप के पदक विजेताओं को सम्मानित किया। इनमें सिद्धार्थनगर के स्वर्ण पदक विजेता देवम पासवान तथा कांस्य पदक विजेता समर वर्मा, राजेश यादव और प्रिया जायसवाल शामिल रहे। इसके अलावा मऊ जिले के लिटिल फ्लावर चिल्ड्रेंस स्कूल के मेधावी छात्र हिमांशु यादव को लैपटॉप देकर सम्मानित किया गया। हिमांशु ने सीबीएसई परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए इतिहास और राजनीति शास्त्र में 100 में 100 अंक हासिल किए हैं।
