बरेली : शहर में महिलाओं को निशाना बनाकर लगातार छिनैती की वारदातों को अंजाम देने वाले शातिर बदमाश को पुलिस ने मंगलवार तड़के एक मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। जवाबी कार्रवाई में बदमाश के दोनों पैरों में गोली लगी है। इसके बाद वह मौके पर ही गिर पड़ा और पुलिस ने उसे दबोच लिया।पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान संजय उर्फ संजू उर्फ रघु (24 वर्ष) निवासी ग्राम सुकाली, थाना शाही के रूप में हुई है, जो शहर के कई थाना क्षेत्रों में वांछित चल रहा था।
लगातार वारदातों से दहशत में थीं महिलाएं
पिछले कुछ दिनों में शहर के अलग-अलग इलाकों में महिलाओं से पर्स, मोबाइल और हैंडबैग लूट की घटनाओं ने पुलिस की नींद उड़ा दी थी। आरोपी ने 9 मार्च को इज्जतनगर के नैनीताल रोड रेलवे मार्केट, 12 मार्च को कैंट के बुखारा मोड़, 13 मार्च को सुभाषनगर के पराग फैक्ट्री के पास, और इन तीनों घटनाओं में बाइक सवार बदमाशों ने महिलाओं को निशाना बनाया था।पुलिस ने सभी मामलों में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस का जाल, मुठभेड़ में दबोचा
मंगलवार सुबह करीब 4 बजे सुभाषनगर पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि एक बदमाश बिना नंबर प्लेट की बाइक से करगैना क्षेत्र में वारदात की फिराक में घूम रहा है।सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने फतेहपुर रोड स्थित इटौआ मोड़ पर घेराबंदी कर दी। खुद को घिरता देख बदमाश ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने पहले आत्मसमर्पण के लिए चेतावनी दी, लेकिन जब वह नहीं माना तो जवाबी फायरिंग की गई। इसी दौरान बदमाश के दोनों पैरों में गोली लगी और वह गिर पड़ा। इसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
तमंचा, कारतूस, लूटा माल और बिना नंबर की बाइक बरामद
गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने आरोपी के पास से एक अवैध तमंचा, 2 जिंदा कारतूस, 2 खोखा कारतूस, बिना नंबर प्लेट की यामाहा FZ बाइक, लूटे गए मोबाइल फोन नकदी और आधार कार्ड बरामद किए हैं। पूछताछ में आरोपी ने।खुलासा किया कि वह अपने साथी अमित के साथ मिलकर छिनैती की वारदातों को अंजाम देता था। पुलिस अब फरार आरोपी अमित की तलाश में दबिश दे रही है।
घायल बदमाश अस्पताल में भर्ती
मुठभेड़ में घायल आरोपी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने इस पूरे मामले में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। इस कार्रवाई में इंस्पेक्टर सुभाषनगर सतीश कुमार और चौकी इंचार्ज करगैना राजेंद्र सिंह सिरोही की टीम ने अहम भूमिका निभाई। पुलिस अधिकारियों ने इसे बड़ी सफलता बताते हुए कहा कि शहर में छिनैती की घटनाओं पर अब अंकुश लगेगा।
