बरेली : शहर के इज्जतनगर थाना क्षेत्र में खुद को पुलिसकर्मी बताकर लोगों पर धौंस जमाने वाला एक शातिर जालसाज आखिरकार पुलिस के हत्थे चढ़ गया। आरोपी हसन खान, जो कंजादासपुर गांव का निवासी बताया जा रहा है, फर्जी वर्दी पहनकर लंबे समय से इलाके में सक्रिय था और खुद को कभी सिपाही तो कभी एसओजी सदस्य बताकर रौब झाड़ता था।
पुलिस से नजदीकियों का उठाया फायदा
स्थानीय लोगों के मुताबिक, आरोपी अक्सर बैरियर-1 चौकी क्षेत्र में पुलिसकर्मियों के बीच नजर आता था। जिससे लोग उसे असली सिपाही समझने लगे थे। यही नजदीकियां उसके ‘फर्जी रुतबे’ की सबसे बड़ी वजह बन गईं।
शादी में अभद्रता, वायरल वीडियो बना सबूत
यह मामला उस वक्त उजागर हुआ, जब एक शादी समारोह में आरोपी ने महिलाओं पर अभद्र टिप्पणी की और खुद ही उसका वीडियो बना लिया। वायरल वीडियो में वह बेखौफ नजर आया, जिससे लोगों में आक्रोश फैल गया और सोशल मीडिया पर कार्रवाई की मांग तेज हो गई।
दबाव के बाद पुलिस का एक्शन
वीडियो सामने आने के बाद मामला तूल पकड़ गया। उच्च अधिकारियों के निर्देश पर पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ महिलाओं की गरिमा को ठेस पहुंचाने और फर्जी वर्दी पहनकर खुद को पुलिसकर्मी बताने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया है।
