बरेली: नगर निगम के टैक्स विभाग की लापरवाही ने एक ईमानदार करदाता को बड़ी परेशानी में डाल दिया। राजेंद्र नगर निवासी विपीन सक्सेना को बिना किसी गलती के एक ही मकान पर तीन-तीन बार संपत्ति कर का बिल भेज दिया गया। पिछले एक साल से वे विभाग के चक्कर काट रहे हैं, लेकिन अब तक समाधान नहीं हुआ। गुरुवार को मामला गरमाया, जब समाजवादी पार्टी पार्षद दल के नेता गौरव सक्सेना मुख्य कर निर्धारण अधिकारी (CTO) के कार्यालय पहुंचे और अंदर ही धरना शुरू कर दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि नगर निगम का टैक्स विभाग “मनमानी और करदाताओं को परेशान” करने में लगा है।
बिना गलती के तीन गुना टैक्स : गौरव सक्सेना
सपा पार्षद दल नेता गौरव सक्सेना ने “The justice Hindi” को बताया कि “बिना गलती के तीन गुना टैक्स थोपना सीधा अन्याय है। टैक्स विभाग में पारदर्शिता, और जवाबदेही का अभाव है। बोले, कई बार टैक्स इंस्पेक्टर, और CTO से शिकायत की। मगर, सुनवाई नहीं हुई। पार्षद के साथ आने वालों की समस्या का समाधान नहीं हो रहा है, तो अन्य लोगों के साथ क्या हो रहा होगा। अफसरों ने बुधवार तक समस्या समाधान का समय दिया है।” धरने के दौरान विभाग के खिलाफ नारेबाजी हुई और बिल को तुरंत सुधारने की मांग रखी गई। उधर, CTO पी.के. द्विवेदी ने भरोसा दिलाया कि मामले का निपटारा जल्द किया जाएगा।
