बरेली : उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (UPPSC) की प्रांतीय सिविल सेवा (पीसीएस) प्रारंभिक परीक्षा 2025 रविवार को बरेली जिले में बने 34 परीक्षा केंद्रों पर शांतिपूर्ण और पारदर्शी माहौल में सम्पन्न हुई। परीक्षा दो पालियों में आयोजित की गई। पहली पाली सुबह 9:30 से 11:30 बजे तक, और दूसरी पाली दोपहर 2:30 से 4:30 बजे तक हुई। इसमें कुल 15,648 अभ्यर्थी शामिल हुए। जिला प्रशासन ने परीक्षा को नकलविहीन बनाने के लिए पुख्ता प्रबंध किए थे। सभी केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए थे, और परीक्षा प्रक्रिया की लाइव मॉनिटरिंग की गई।

डीएम ने किया परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण, दिए सख्त निर्देश
रविवार को जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने कई परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया और व्यवस्थाओं की बारीकी से समीक्षा की। उन्होंने केंद्रों पर तैनात स्टेटिक और सेक्टर मजिस्ट्रेटों से बातचीत की और कहा कि “किसी भी स्तर पर अव्यवस्था या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निरीक्षण के दौरान डीएम ने सुरक्षा व्यवस्था, प्रवेश द्वार पर चेकिंग सिस्टम, बायोमेट्रिक सत्यापन, सीसीटीवी मॉनिटरिंग, पेयजल, शौचालय और छाया जैसी सुविधाओं का भी गहन निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आयोग के दिशा-निर्देशों का पूर्ण पालन हो और पारदर्शी परीक्षा माहौल बनाए रखा जाए।
सख्त निगरानी, बायोमेट्रिक उपस्थिति और ड्रेस कोड का पालन
परीक्षा के दौरान हर अभ्यर्थी को बायोमेट्रिक सत्यापन के बाद ही प्रवेश मिला। प्रशासन ने सभी केंद्रों पर मोबाइल, कैलकुलेटर, पर्स, घड़ी या किसी भी इलेक्ट्रॉनिक उपकरण को प्रतिबंधित किया था। केवल एडमिट कार्ड और वैध पहचान पत्र के साथ ही प्रवेश की अनुमति दी गई। नकल रोकने के लिए परीक्षा केंद्रों के आसपास फोटोस्टेट की दुकानों को बंद रखा गया। सुरक्षा बलों की सघन तैनाती रही जिससे पूरे दिन परीक्षा केंद्रों के बाहर शांति बनी रही।

डीएम बोले-“हर रिकॉर्डिंग सुरक्षित रखी जाएगी”
डीएम अविनाश सिंह ने कहा कि “सभी परीक्षा केंद्रों की सीसीटीवी रिकॉर्डिंग सुरक्षित रखी जाएगी, ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जांच की जा सके।” उन्होंने मजिस्ट्रेटों को केंद्रवार निरीक्षण करने और परीक्षा प्रक्रिया की रिपोर्ट तत्काल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। परीक्षा के सफल आयोजन के लिए जिला प्रशासन, पुलिस, शिक्षा विभाग और आयोग की टीमों ने सामंजस्यपूर्ण रूप से कार्य किया।
अभ्यर्थियों में दिखा उत्साह, शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुई परीक्षा
शनिवार रात से ही विभिन्न जिलों से अभ्यर्थी बरेली पहुंचे थे। परीक्षा केंद्रों के बाहर सुबह से ही छात्रों की लंबी कतारें लगीं। प्रशासनिक सख्ती और सुचारू प्रबंधन के कारण दोनों पालियों की परीक्षा बिना किसी व्यवधान के संपन्न हुई। अभ्यर्थियों ने भी प्रशासन की व्यवस्था की सराहना की और कहा कि परीक्षा माहौल पूरी तरह शांतिपूर्ण और अनुशासित रहा।
