लखनऊ: समाजवादी चिंतक डॉ. राम मनोहर लोहिया की पुण्यतिथि आज पूरे उत्तर प्रदेश में श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। राजधानी लखनऊ के गोमतीनगर स्थित डॉ. लोहिया पार्क में मुख्य कार्यक्रम आयोजित हुआ। यहां समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने लोहिया जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर पार्टी के वरिष्ठ नेता किरनमय नंदा, राजेन्द्र चौधरी, पूर्व सांसद, विधायक और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। राज्य के सभी जिलों में भी समाजवादी कार्यकर्ताओं ने लोहिया जी को याद करते हुए उनके विचारों पर चलने का संकल्प लिया।
“लोहिया जी ने गैरबराबरी और अन्याय के खिलाफ जीवनभर संघर्ष किया”: अखिलेश यादव
श्रद्धांजलि के बाद पत्रकारों से बातचीत में अखिलेश यादव ने कहा कि “डॉ. लोहिया ने समाज में ऊँच-नीच, भेदभाव और अन्याय के खिलाफ लड़ाई लड़ी। उन्होंने सामाजिक और आर्थिक समानता के लिए सप्तक्रांति का आह्वान किया था। आज हम समाजवादी कार्यकर्ता यह संकल्प लेते हैं कि उनके बताए रास्ते पर चलेंगे और पीडीए समाज को सम्मान व अधिकार दिलाने की लड़ाई जारी रखेंगे।”उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी सत्ता में आने पर किसानों, नौजवानों और महिलाओं की खुशहाली के लिए ठोस कदम उठाएगी।

एक भी पेड़ नहीं काटा, बल्कि ट्रांसलोकेट किया
सपा सरकार के दौरान किए गए व कास कार्यों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा “लोहिया पार्क नेताजी (मुलायम सिंह यादव) के समय में बना था। उस वक्त एक भी पेड़ नहीं काटा गया, बल्कि पेड़ों को ट्रांसलोकेट किया गया। समाजवादी सरकार ने जनेश्वर मिश्र पार्क, जयप्रकाश नारायण इंटरनेशनल सेंटर और गोमती रिवरफ्रंट जैसे ऐतिहासिक कार्य किए। भाजपा सरकार ने इन उपलब्धियों को बर्बाद कर दिया है।”

“भ्रष्टाचार और अन्याय की सारी सीमाएँ टूटी
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर सीधा हमला बोलते हुए कहा कि “भ्रष्टाचार इस सरकार की पहचान बन गया है। हर विभाग में लूट है,शिक्षा से लेकर स्वास्थ्य तक सब बर्बाद है। पुलिस का इस्तेमाल राजनीतिक दुश्मनी के लिए हो रहा है। मुख्यमंत्री अपनी नाकामी छिपाने के लिए सफेद टेबल पर बैठकर काला झूठ बोलते हैं।”उन्होंने कानपुर के अखिलेश दुबे प्रकरण का जिक्र करते हुए कहा कि पुलिस के बड़े अधिकारी फंस रहे हैं, और सरकार सच छिपा रही है।
“भाजपा जातिवादी पार्टी है, समाज में विभाजन फैला रही है”
सपा प्रमुख ने कहा कि भाजपा शासन में जातीय भेदभाव और उत्पीड़न चरम पर है। “डॉ. लोहिया ने जाति तोड़ो आंदोलन चलाया और बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर ने कानून बनाकर समानता की नींव रखी। लेकिन भाजपा उन्हीं सिद्धांतों के खिलाफ काम कर रही है। अधिकारियों की तैनाती जाति के आधार पर की जा रही है।”उन्होंने हाल के मामलों का जिक्र करते हुए कहा कि “हरियाणा में आईपीएस की जान चली गई, सुप्रीम कोर्ट में जूता फेंकने जैसी घटनाएँ हुईं, रायबरेली में वाल्मीकि समाज के युवक की पिटाई से मौत हो गई। यह सब भाजपा की विफल नीतियों का परिणाम है।”

“किसान खाद के लिए लाठी खा रहा है, सरकार उद्योगपतियों के साथ”
किसानों की समस्याओं पर बोलते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि “किसान खाद के लिए लाइन में लग रहा है, कई जगह जानें जा रही हैं। गन्ने का भाव नहीं बढ़ाया गया, जबकि भाजपा ने आय दोगुनी करने का वादा किया था। सरकार उद्योगपतियों से मिलकर मुनाफा कमा रही है, जनता महंगाई से त्रस्त है।”उन्होंने कहा कि भाजपा ‘स्वदेशी’ की बात करती है लेकिन विदेशी कंपनियों को बाजार सौंप रही है। “अगर स्वदेशी की बात सच्ची है तो चीन से व्यापार क्यों बढ़ाया जा रहा है?”
“सपा करेगी भाजपा को बेनकाब”
पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी जल्द ही दलितों और आम जनता पर हो रहे उत्पीड़न तथा जमीनों पर कब्जों की सूची तैयार कर भाजपा सरकार की सच्चाई उजागर करेगी। “भाजपा भूमाफिया पार्टी बन चुकी है, जो पीडीए समाज के अधिकार छीन रही है।”

लोहिया पार्क गूंजा-‘लोहिया अमर रहें’, ‘अखिलेश जिंदाबाद’ के नारों से
इस मौके पर यूथ ब्रिगेड के प्रदेश अध्यक्ष अनीस राजा, देवेन्द्र सिंह जीतू सहित बड़ी संख्या में युवा सपा के झंडे और लोहिया जी के चित्र लेकर पहुंचे। पार्क में “लोहिया अमर रहें” और “अखिलेश यादव जिंदाबाद” के नारे गूंज उठे। कार्यक्रम में सैकड़ों नेताओं और कार्यकर्ताओं की उपस्थिति रही, जिनमें डॉ. मधु गुप्ता, अरविन्द सिंह, रविदास मेहरोत्रा, अरमान खान, राम आसरे विश्वकर्मा, प्रो. बी. पांडेय, मोहम्मद फहद, पूजा शुक्ला, सोनू कनौजिया, फाखिर सिद्दीकी, राजकुमार मिश्र समेत अनेक पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए।
