एक आरोपी मुठभेड़ में गिरफ्तार, पुलिस ने अब तक 72 को भेजा जेल
बरेली : यूपी के बरेली में जुमा नमाज़ के बाद हुए ‘आई लव मोहम्मद पोस्टर विवाद’ को लेकर बरेली में भड़के बवाल के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। मंगलवार को आईएमसी (इत्तेहाद-ए-मिल्लत काउंसिल) के जिला अध्यक्ष शमशाद हुसैन समेत 14 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। इसके अलावा एक आरोपी ताजिम को मुठभेड़ समेत चार अन्य को भी गिरफ्तार किया है। ताजिम के पैर में गोली लगी है। एसपी सिटी मानुष पारीक ने ने मीडिया को जानकारी दी कि पुलिस लगातार जांच कर रही है और सबूतों के आधार पर आरोपियों को गिरफ्तार किया जा रहा है।
मुख्य आरोपियों में जिलाध्यक्ष शामिल
पुलिस ने बताया कि आईएमसी जिलाध्यक्ष शमशाद हुसैन बवाल वाले दिन डॉक्टर नफीस और नदीम के साथ मिलकर व्हाट्सएप ग्रुप पर सक्रिय था, और भीड़ को बुला रहे थे। इससे पहले पुलिस आईएमसी के पूर्व जिला अध्यक्ष नदीम खान को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पूर्व प्रवक्ता नफीस खां की पहलवान साहब दरगाह के पास स्थित मार्केट को भी सील कर दिया गया है।
अब तक 72 आरोपियों को भेजा जेल
एसपी सिटी ने मीडिया को बताया कि पुलिस ने सोमवार तक आइएमसी प्रमुख मौलाना तौकीर रजा खां समेत 56 आरोपियों को जेल भेजा था।मंगलवार को 72 आरोपी जेल जा चुके हैं। उन्होंने मीडिया के पूछने पर बताया कि बिहार और बंगाल से आने वाले लोगों की भी जांच चल रही है। कोतवाली पुलिस ने मोईन मोहम्मद, मुहम्मद महताब, जाकिर कुरैशी, फैजान, अब्दुल नफीस, गुड्डू अहमद,अयान, रईस, शेरू, हस्सान, और बारादरी पुलिस ने फरीदपुर के बहानपुर गांव निवासी शमशाद हुसैन को भी गिरफ्तार किया। इसके अलावा एक अपचारी है।
हथियार के साथ आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने बताया कि बवाल में शामिल एक तस्कर को भी गिरफ्तार किया गया है। उसके पास से हथियार बरामद हुए हैं। एसपी सिटी ने कहा कि “कोतवाली में दर्ज मुकदमों की विवेचना की जा रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी लगातार जारी रहेगी और किसी को बख्शा नहीं जाएगा।”
