एक साथ बड़े पैमाने पर फेरबदल, अनुशासनहीनता पर सख्ती, पुलिस महकमे में मचा हड़कंप
बरेली : यूपी के बरेली जिले में कानून -व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए एसएसपी अनुराग आर्य ने मंगलवार को पुलिस महकमे में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया। एक ही आदेश में 114 इंस्पेक्टर और दरोगाओं के तबादले कर दिए गए। जिससे पूरे विभाग में हलचल मच गई। थानों से लेकर चौकियों तक जिम्मेदारियां बदल दी गईं और सभी को तत्काल नई तैनाती पर ज्वाइन करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके साथ ही सिपाही की गर्भवती पत्नी पर अभद्र टिप्पणी को लेकर इंस्पेक्टर प्रेमनगर सुरेंद्र सिंह को हटा दिया गया है।
114 तबादलों से सिस्टम रीसेट, फील्ड में उतारे गए अधिकारी
इस बड़े फेरबदल में क्राइम ब्रांच समेत कई अहम इकाइयों में बदलाव किया गया। कई अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां दी गईं, जबकि रिजर्व लाइन्स में तैनात दरोगाओं को फील्ड में उतारकर सक्रिय पुलिसिंग पर।जोर दिया गया है। चौकी स्तर पर भी बड़े पैमाने पर बदलाव करते हुए कई प्रभारी बदले गए हैं, जिससे जमीनी स्तर पर पुलिसिंग को मजबूत करने की कोशिश मानी जा रही है।
क्राइम ब्रांच से लेकर थानों तक बदली तस्वीर
फेरबदल के तहत कई अधिकारियों को नई पोस्टिंग देकर क्षेत्रीय जिम्मेदारियां सौंपी गईं। इससे स्पष्ट संकेत है कि पुलिस प्रशासन अपराध नियंत्रण को लेकर रणनीति में बदलाव कर रहा है। नए चेहरों के जरिए बेहतर कानून-व्यवस्था और तेज कार्रवाई की उम्मीद जताई जा रही है।
सख्त निर्देश, तुरंत ज्वाइनिंग, वरना कार्रवाई
एसएसपी ने साफ किया है कि सभी स्थानांतरित पुलिसकर्मी तत्काल प्रभाव से अपनी नई तैनाती पर कार्यभार ग्रहण करें। आदेश की अनदेखी करने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। इस बड़े कदम को विभाग में “मेजर ऑपरेशन” के तौर पर देखा जा रहा है।
अभद्र टिप्पणी पर इंस्पेक्टर पर गिरी गाज, तत्काल हटाया गया
इसी बीच अनुशासनहीनता के एक मामले में भी सख्त कार्रवाई की गई है। प्रेमनगर थाने में तैनात इंस्पेक्टर सुरेंद्र सिंह को एक सिपाही की गर्भवती पत्नी पर अभद्र टिप्पणी।करने के आरोप में तत्काल हटा दिया गया।
थाने में हुआ विवाद, शिकायत पर तुरंत एक्शन
बताया गया कि ड्यूटी के दौरान हुए विवाद में इंस्पेक्टर ने आपत्तिजनक टिप्पणी कर दी। जिससे माहौल तनावपूर्ण हो गया। आहत सिपाही ने इसकी शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद मामला उच्च अधिकारियों तक पहुंचा।
SSP की सख्ती, तुरंत बदली तैनाती
इस मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी अनुराग आर्य ने तत्काल कार्रवाई करते हुए इंस्पेक्टर से चार्ज छीन लिया और उन्हें भमोरा थाने में स्थानांतरित कर दिया।
महिला सम्मान का संदेश, नई जिम्मेदारी सौंपी गई
प्रेमनगर थाने की कमान अब एएसपी अंजना दहिया को सौंपी गई है। इस फैसले को पुलिस विभाग में महिला सम्मान और अनुशासन बनाए रखने के सख्त संदेश के तौर पर देखा जा रहा है।
