बरेली : जिले में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत आयोजित होने वाले बड़े कार्यक्रम की तैयारियाँ अंतिम चरण में पहुँच गई हैं। डीएम अविनाश सिंह की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में हुई समीक्षा बैठक में सुव्यवस्था, सुरक्षा और पारदर्शिता को सबसे ऊपर रखते हुए कई महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए गए।

27-28 नवंबर को होगा विशाल समारोह, 1000 जोड़ों की शादी
बैठक में बताया गया कि 27 नवंबर को नगर निगम, फरीदपुर, भुता, भदपुरा, नवाबगंज, भोजीपुरा, बिथरी चैनपुर, क्यारा, सेंथल, धौराटांडा, रिठौरा आदि क्षेत्रों के जोड़ों का विवाह, और 28 नवंबर को आलमपुर जाफराबाद, मझगवां, रामनगर, बहेड़ी, रिछा, फतेहगंज पश्चिमी, मीरगंज, शेरगढ़, बिशारतगंज, देवरनियां समेत अन्य क्षेत्रों के जोड़ों का विवाह कराया जाएगा। दोनों दिनों में करीब 1000 जोड़े और उनके लगभग 12,000 परिजन कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। यह समारोह बरेली कॉलेज मैदान में आयोजित किया जाएगा।
पहली बार-वर-वधु का बायोमैट्रिक वेरिफिकेशन

शासन के निर्देश पर इस वर्ष सामूहिक विवाह में वर-वधु का बायोमैट्रिक अनिवार्य किया गया है। इसके लिए 9 बायोमैट्रिक मशीनें लगाई जाएंगी। सभी जोड़ों को आधार कार्ड साथ लाने के निर्देश दिए गए हैं। सामूहिक विवाह में प्रत्येक नवविवाहित जोड़े को 24 तरह के सामान उपहार स्वरूप दिए जाएंगे। पंडाल में वधुओं के लिए चेंजिंग रूम,आकर्षक सेल्फी पॉइंट,बैठने और भोजन की समुचित व्यवस्था की जाएगी। डीएम ने स्पष्ट कहा कि उपहार वितरण पूरी तरह पारदर्शी और सुव्यवस्थित होना चाहिए।
साफ-सफाई, सुरक्षा व स्वास्थ्य व्यवस्था को खास निर्देश
डीएम ने बरेली कॉलेज परिसर की पूरी साफ-सफाई सुनिश्चित करने का निर्देश जिला पंचायत राज अधिकारी को दिया। इसके साथ ही स्वास्थ्य शिविर एम्बुलेंस, दो फायर टेंडर की व्यवस्था भी अनिवार्य की गई है। डीएम अविनाश सिंह ने कहा कि “सामूहिक विवाह सामाजिक समरसता का प्रतीक है। यह कार्यक्रम गरिमापूर्ण और व्यवस्थित रहे, इसके लिए हर विभाग को जिम्मेदारी निभानी होगी। कार्यक्रम के दिन किसी भी स्तर पर लापरवाही न हो।बैठक में मुख्य विकास अधिकारी देवयानी, परियोजना निदेशक चंद्रप्रकाश श्रीवास्तव, डीसी मनरेगा हसीब अंसारी, जिला विकास अधिकारी विकास कुमार यादव, डीसी एनआरएलएम, जिला सूचना विज्ञान अधिकारी, जिला सूचना अधिकारी सहित सभी संबंधित अधिकारी और बीएलओ उपस्थित रहे।
