बरेली के फरीदपुर में सनसनीखेज वारदात,जमीन पर घूरा डालने को लेकर दो भाइयों में हुआ था विवाद, परिजनों पर हत्या का आरोप
बरेली : यूपी के बरेली देहात के फरीदपुर क्षेत्र के कुड़ियां खेड़ा गांव में रास्ते के किनारे ग्राम समाज की जमीन पर पड़े घूरे को हटाने को लेकर मंगलवार सुबह दो सगे भाइयों के परिवारों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि मारपीट में एक व्यक्ति की मौत होने की बात सामने आई है।मृतक की पहचान अमर सिंह यादव (58 वर्ष) के रूप में हुई है। मृतक के परिजनों ने बड़े भाई मदनलाल और उसके बेटों समेत अन्य परिजनों पर मारपीट कर हत्या करने का आरोप लगाया है। हालांकि, सीओ फरीदपुर संदीप सिंह ने “The justice Hindi” बताया कि घूरा हटाने को लेकर विवाद हुआ था। मृतक और आरोपी दोनों हार्ड के पेसेंट थे। धक्का -मुक्की में हार्ट अटैक से मौत होने की बात सामने आई है। मृतक का पोस्टमार्टम के बाद अंतिम संस्कार हो गया है। पीएम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
ग्राम समाज की जमीन पर पड़ा था घूरा
जानकारी के मुताबिक, अमर सिंह यादव के घर के रास्ते के किनारे ग्राम समाज की जमीन पर घूरा पड़ा था। बीते दिनों हुई बारिश के कारण घूरा बहकर रास्ते तक फैल गया था। बताया गया कि अमर सिंह के बड़े भाई मदनलाल, जो सेवानिवृत्त शिक्षक हैं। उस स्थान से घूरा हटवाना चाहते थे। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद चल रहा था। मंगलवार सुबह मदनलाल ने अमर सिंह पर घूरा हटाने का दबाव बनाया। अमर सिंह और उनके बेटों की ओर से बताया गया कि कुछ दिनों में खेत खाली होने वाले हैं और इसके बाद घूरे को फसल वाले खेत में डाल दिया जाएगा। आरोप है कि इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई।
कई बार जमीन पर पटकने का आरोप
परिजनों का आरोप है कि कहासुनी के बाद विवाद मारपीट में बदल गया। मदनलाल, उनके बेटों और अन्य परिजनों ने अमर सिंह को पकड़कर कई बार जमीन पर पटका, जिससे वह मौके पर ही गंभीर रूप से घायल हो गए और बेहोश हो गए।परिजन उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाने लगे, लेकिन रास्ते में ही उनकी सांसें थम गईं। इसके बाद परिजन शव को ट्रैक्टर-ट्रॉली में रखकर फरीदपुर थाने पहुंच गए।
शव लेकर थाने पहुंचे परिजन, पुलिस ने संभाली स्थिति
इस घटना के बाद पुलिस को सूचना देने के लिए पीड़ित पक्ष थाने पहुंचा था। मगर, परिजनों का कहना है कि ट्रैक्टर-ट्रॉली से शव लेकर परिजनों के थाने पहुंचने से वहां भीड़ जुट गई। स्थिति की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने भीड़ को गेट से हटाया और शव को ट्रॉली से उतरवाकर ई-रिक्शा के माध्यम से सीएचसी भेजा। पंचनामा भरने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर मौत के कारणों की स्थिति और स्पष्ट होगी।
पुलिस ने कहा- तहरीर मिलने पर दर्ज होगा मुकदमा
फरीदपुर पुलिस ने मीडिया को बताया मामला लड़ाई-झगड़े का है। उन्होंने बताया कि मृतक के शरीर पर कोई गंभीर चोट प्रथम दृष्टया प्रतीत नहीं हो रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस के अनुसार, तहरीर मिलने के बाद मामले में मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की भूमिका की जांच की जाएगी।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज
घूरा हटाने जैसे मामूली विवाद से शुरू हुआ यह मामला एक व्यक्ति की मौत तक पहुंच गया। मृतक के परिजनों ने जहां मारपीट कर हत्या किए जाने का गंभीर आरोप लगाया है, वहीं पुलिस फिलहाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। रिपोर्ट सामने आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि अमर सिंह यादव की मौत किन चोटों अथवा अन्य कारणों से हुई।
